UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का कहर, आगरा से वाराणसी तक लू का यलो अलर्ट, तापमान 45 डिग्री के पार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।

बीते कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-तूफान और हल्की बारिश से तापमान में राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब वह दौर समाप्त हो चुका है।

मौसम साफ होते ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और लू का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब लगभग खत्म हो गया है। आज शनिवार, 16 मई को प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है।

दिन चढ़ने के साथ धूप तीखी होगी और दोपहर में गर्मी और अधिक विकराल रूप ले सकती है। फिलहाल किसी भी जिले में बारिश या बादल के आसार नहीं हैं।

19 मई तक रहेगा लू का असर

India Meteorological Department के मुताबिक, 19 मई तक उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी और लू का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अलग-अलग जिलों में उष्ण लहर चल सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज और अत्यधिक लू का असर देखने को मिलेगा।

20 और 21 मई के आसपास पूर्वी यूपी के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है, हालांकि इससे तापमान में किसी बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, झांसी, चित्रकूट, मीरजापुर, हमीरपुर, फतेहपुर, ललितपुर समेत कुल 27 जिलों में भीषण लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं प्रयागराज, वाराणसी, जालौन, बांदा और आसपास के जिलों में हालात और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।

बीते 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

47–48 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में कई इलाकों में तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।

स्वास्थ्य को देखते हुए लोगों को दिन के समय घरों में रहने, बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलने और लू से बचाव के सभी एहतियाती उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Also Read: आपके एक सही वोट से सुनिश्चित हुआ विकास, सुरक्षा और सम्मान: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.