Siddharthnagar News: डीएम ने चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएँ, बोले- योजनाओं में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के लोटन बाजार विकास खंड के देवपुर मस्जिदिया ग्राम पंचायत में ग्राम चौपाल-गाँव की समस्या गाँव में समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की मौजूदगी में आयोजित इस चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया गया। डीएम ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के लाभ की जमीनी हकीकत जानी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पात्र व्यक्ति तक शासन की नीतियों का लाभ बिना किसी देरी के पहुँचना चाहिए।

बिजली बिल में छूट और फार्मर रजिस्ट्री पर जोर
जिलाधिकारी ने चौपाल में मौजूद लोगों से बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठाने और बिजली बिल में छूट के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए ताकि कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके।
डीएम ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को जागरूक किया गया और जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न कराया।
रिपोर्ट- जाकिर खान

