Bareilly News: प्रधानमंत्री की अपील का असर, जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग इलेक्ट्रिक बस से किया सफर
Bareilly News: पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एक बेहद सराहनीय और प्रेरक कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों पर अमल करते हुए जिलाधिकारी शनिवार को निजी या सरकारी कारों का काफिला ले जाने के बजाय जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इलेक्ट्रिक बस में सवार होकर तहसील दिवस में शामिल होने मीरगंज पहुंचे। डीएम की इस अनूठी पहल का उद्देश्य आम जनता के बीच स्वच्छ और हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) के उपयोग को लेकर जागरूकता पैदा करना है।
आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण बचाना बेहद ज़रूरी: डीएम
यात्रा के दौरान पर्यावरण के प्रति अपनी चिंता और जिम्मेदारी साझा करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि मौजूदा दौर में प्रकृति का संरक्षण और ऊर्जा संसाधनों का सोच-समझकर इस्तेमाल करना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने से न केवल वायु और ध्वनि प्रदूषण में भारी कमी आती है, बल्कि पेट्रोल-डीजल जैसे पारंपरिक जीवाश्म ईंधनों पर हमारी निर्भरता भी घटती है। स्वच्छ और हरित ऊर्जा का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल ही हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर सकता है। प्रशासन के इस अभिनव कदम की स्थानीय जनता और सामाजिक संगठनों ने जमकर सराहना की है।

ई-बस में मौजूद रहा बरेली का पूरा प्रशासनिक अमला
जिलाधिकारी की इस ग्रीन यात्रा में उनके साथ जिले के लगभग सभी विभागों के आला अधिकारी एक ही बस में सफर करते नजर आए। सह-यात्रियों में परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डिप्टी आरएमओ और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित कई अन्य अधिकारी शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

