सीएम योगी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने किया गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास, 30 हजार होगी दर्शकों की क्षमता
Gorakhpur News: पूर्वी उत्तर प्रदेश के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संयुक्त रूप से गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (प्रथम चरण) का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह भव्य स्टेडियम केवल खेल का मैदान नहीं, बल्कि पूर्वांचल के युवाओं के सुनहरे भविष्य और रोजगार का एक नया द्वार साबित होगा। यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर बनेगी।
106 एकड़ में फैलेगा खेल का साम्राज्य
मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस मेगा प्रोजेक्ट का पूरा खाका सामने रखा। उन्होंने बताया कि तालनदोर में फिलहाल 46 एकड़ में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जबकि इसके साथ ही 60 एकड़ जमीन को भविष्य के लिए आरक्षित रखा गया है। इस आरक्षित भूमि पर एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा, जहां इंडोर गेम्स, हॉकी और अन्य खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सीएम ने कहा कि यूपी के सभी 18 मंडलों (कमिशनरी) में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का उद्घाटन इसी सत्र में होने जा रहा है। सरकार की नई खेल नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 534 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बिना किसी अड़चन के सीधे अच्छे पदों पर सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
परिणाम दिखाता है आज का उत्तर प्रदेश: हरदीप सिंह पुरी
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज का यूपी सिर्फ संभावनाओं की बातें नहीं करता, बल्कि जमीन पर ठोस परिणाम करके दिखाता है। इस भव्य शिलान्यास समारोह के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, सांसद विजय दुबे, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, खेल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और विधायक विपिन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आज का दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों, आने वाली पीढ़ी एवं खेल और खेलकूद की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण है… pic.twitter.com/XLPlG2LP40
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 16, 2026
दिसंबर 2027 तक तैयार होगा सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 393 करोड़ रुपये की कुल लागत से बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक है। प्रशासन द्वारा जमीन उपलब्ध कराए जाने के बाद 24 दिसंबर 2025 से ही यहां प्राथमिक निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। सरकार द्वारा जारी की गई 63.39 करोड़ रुपये की पहली किश्त से अब तक करीब 7 प्रतिशत काम पूरा भी हो चुका है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस पूरे स्टेडियम को 23 दिसंबर 2027 तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
स्टेडियम की खास बातें
डिजाइन व क्षमता: यह स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ (G+2) की आधुनिक तर्ज पर बनेगा, जिसमें एक साथ 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी।
पिच की व्यवस्था: मुख्य मैदान में खिलाड़ियों के लिए 7 प्लेइंग पिच और अभ्यास के लिए 4 प्रैक्टिस पिचें तैयार की जाएंगी।
सिटिंग अरेंजमेंट: स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड्स में 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की जगह होगी।
VIP और मीडिया गैलरी: नॉर्थ पैवेलियन में 208 VIPs और 382 मीडियाकर्मियों के लिए स्पेस होगा, जबकि साउथ पैवेलियन में 1,708 VVIP और VIP दर्शकों के लिए विशेष दीर्घा बनाई जाएगी।
डे-नाइट मैच: रात्रिकालीन अंतरराष्ट्रीय मैचों के सफल आयोजन के लिए परिसर में चार विशाल हाई मास्ट फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी।
Also Read: आजम खान को कलेक्टर पर अभद्र टिप्पणी मामले में दो साल की सजा

