प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में विसर्जित, बाबा रामदेव भी रहे मौजूद
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का विसर्जन शनिवार को पूरे विधि-विधान के साथ हरिद्वार के वीआईपी घाट पर किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों के बीच उनकी अस्थियों को मां गंगा में प्रवाहित किया गया। गौरतलब है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बीते 13 मई को लखनऊ में असामयिक निधन हो गया था।

चार्टर्ड प्लेन से हरिद्वार पहुंचा परिवार
प्रतीक यादव की अस्थियों को लेकर उनकी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव चार्टर्ड प्लेन के जरिए देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां से वे सड़क मार्ग द्वारा सीधे हरिद्वार के वीआईपी घाट आईं। इस भावुक क्षण में उनके साथ शिवपाल सिंह यादव के पुत्र और सांसद आदित्य यादव, अपर्णा यादव की दोनों बेटियां (प्रथमा और पद्मजा), उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे। हालांकि, इस पूरे कार्यक्रम के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव हरिद्वार नहीं पहुंचे।
हरिद्वार, उत्तराखंड: समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव ने कहा, "परिवार के सभी लोग थे और अस्थि प्रवाह करने के लिए आए थे… यह एक बहुत बड़ी क्षति है, आप लोगों ने देखा और इससे ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में हम लोग नहीं हैं…" pic.twitter.com/1jm8JBWVNE
— IANS Hindi (@IANSKhabar) May 16, 2026
वीआईपी घाट पर तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने अस्थि विसर्जन का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस बेहद गंभीर और शोकाकुल माहौल में योगगुरु बाबा रामदेव भी विशेष रूप से उपस्थित हुए। बाबा रामदेव ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर गंगा अंजलि दी और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान नेताजी मुलायम सिंह यादव के पुराने समर्थकों और स्थानीय नेताओं की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने नम आंखों से दिवंगत प्रतीक यादव को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दी।
Also Read: पाकिस्तान में ‘धुरंधर 2’ का जबरदस्त क्रेज, OTT पर बनी नंबर-1 फिल्म, नेटफ्लिक्स क्रैश होने का दावा

