PBKS vs RCB: मैदान पर कदम रखते ही इतिहास रच देंगे श्रेयस अय्यर, धोनी-कोहली के फेहरिस्त में होंगे शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk:धर्मशाला में आज इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए बेहद खास रहने वाला है।

 

टॉस के लिए मैदान पर उतरते ही अय्यर IPL में बतौर कप्तान 100 मैच खेलने वाले पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे। श्रेयस अय्यर से पहले यह उपलब्धि एमएस धोनी, रोहित शर्मा, विराट कोहली और गौतम गंभीर जैसे दिग्गज कप्तान हासिल कर चुके हैं।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने IPL 2026 की शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, टीम को पिछले पांच मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा है, इसके बावजूद पंजाब अभी भी टॉप-4 में बनी हुई है।

लेकिन आज की हार पंजाब की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका दे सकती है।

Shreyas Iyer

RCB के खिलाफ खास मुकाबला

आज का मुकाबला इसलिए भी अहम है क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ही पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला IPL खिताब जीता था। उस ऐतिहासिक फाइनल के बाद यह पहला मौका है जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

श्रेयस अय्यर का कप्तानी सफर

श्रेयस अय्यर अब तक दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के लिए कुल 99 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं।

उनकी अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स फाइनल तक पहुंची, कोलकाता नाइट राइडर्स ने खिताब जीता और पंजाब किंग्स को भी उन्होंने अपने पहले ही सीजन में फाइनल तक पहुंचाया।

IPL में सबसे ज्यादा कप्तानी करने वाले खिलाड़ी

IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम है, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए कुल 235 मैचों में कप्तानी की और CSK को 5 बार चैंपियन बनाया।

रोहित शर्मा 158 मैचों के साथ दूसरे और विराट कोहली 143 मैचों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अब श्रेयस अय्यर का नाम भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने जा रहा है।

धर्मशाला का यह मुकाबला न सिर्फ प्लेऑफ की रेस के लिहाज से अहम है, बल्कि श्रेयस अय्यर के करियर का एक ऐतिहासिक पड़ाव भी साबित होने वाला है।

Also Read: IPL 2026: प्लेऑफ से बाहर, लेकिन समीकरणों के ‘किंगमेकर’ बने मुंबई और लखनऊ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.