राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे यात्री
Sandesh Wahak Digital Desk: तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली के हजरत निज़ामुद्दीन जा रही ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गया, जब ट्रेन के बी-1 (B-1) एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। यह डरावना हादसा पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत आने वाले लूणी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच डाउन ट्रैक पर पेश आया। हालांकि, रेलवे स्टाफ की मुस्तैदी और त्वरित सूझबूझ के चलते समय रहते बोगी के सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा रेल हादसा होने से टल गया।
प्रभावित बोगी को ट्रेन से किया अलग
पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक, राजधानी एक्सप्रेस के कोच में धुआं और आग दिखने की सूचना मिलते ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत ओवरहेड इक्विपमेंट की हाई-टेंशन बिजली सप्लाई को तत्काल बंद कर दिया गया। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग की लपटों से घिरे बी-1 कोच को बाकी ट्रेन से काटकर (डिटैच) अलग कर दिया, ताकि आग दूसरी बोगियों में न फैले। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
रूट पर रेल यातायात आंशिक रूप से प्रभावित
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी भी यात्री या रेल कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस अप्रत्याशित हादसे के चलते दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बाधित हुआ। सुरक्षा कारणों से पीछे आ रही ट्रेन संख्या 12955 को महिदपुर रोड स्टेशन पर ही रोक दिया गया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि प्रभावित बोगी को हटाकर ट्रैक को पूरी तरह साफ कर दिया गया है और यातायात बहाल कर दिया गया है। फिलहाल, रेलवे की तकनीकी टीम आग लगने के सटीक कारणों (शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खामी) की बारीकी से जांच कर रही है।
Also Read: लखनऊ कचहरी के बाहर 100 से ज्यादा वकीलों के चैंबर पर चला बुलडोजर

