लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: वैन-ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 10 लोगों की मौत
Lakhimpur Kheri News : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की जान चली गई। सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे पर वैन और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पहले 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ऊंचगांव और भरेहटा के बीच हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे पर ऊंचगांव और भरेहटा गांव के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि वैन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में 7 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं। बाद में घायल व्यक्ति की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही धौरहरा के क्षेत्राधिकारी (CO) शमशेर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और शवों को बाहर निकाला गया।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

