LU ने BCA और BCom प्रवेश के लिए तय की नई पात्रता, 2026-27 सत्र के लिए अधिसूचना जारी
Lucknow News : लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीसीए (BCA) और बीकॉम एनईपी (BCom NEP) पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर न्यूनतम पात्रता मानदंड तय कर दिए हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय के प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें दोनों पाठ्यक्रमों के लिए अलग-अलग योग्यता मानक निर्धारित किए गए हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर अनित्य गौरव ने बताया कि बीसीए पाठ्यक्रम में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा विज्ञान वर्ग अथवा कंप्यूटर से संबंधित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थी के पास कंप्यूटर या इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंफॉर्मेशन प्रैक्टिसेज, कंप्यूटर टेक्नोलॉजी एंड मेंटेनेंस, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) या रोबोटिक्स जैसे विषयों में से कम से कम एक विषय होना अनिवार्य होगा।
साथ ही, बीसीए में प्रवेश के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, बीकॉम एनईपी पाठ्यक्रम के लिए इंटरमीडिएट किसी भी विषय से उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इस पाठ्यक्रम में सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 36 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि नए पात्रता मानकों का उद्देश्य पाठ्यक्रमों की शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखना और योग्य अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान करना है।

