यूपी में सूर्यदेव का रौद्र रूप, 40 डिग्री के पार पहुंचा 21 शहरों का पारा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। शुष्क पछुआ हवाओं और तेज धूप के कारण प्रदेश के 21 बड़े शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को लांघ चुका है। हालात को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने सूबे के दक्षिणी हिस्सों के लिए रेड अलर्ट और बाकी ज्यादातर इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दोपहर के समय हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। राज्य में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म लू चल रही है, जिसके थपेड़े कभी-कभी 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच रहे हैं। इस भयानक तपिश की वजह से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 मई तक इन गर्म हवाओं का प्रकोप यूं ही जारी रहने की आशंका है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी झुलसाने वाली होंगी। शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा (गौतम बुद्ध नगर), हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद जैसे 13 जिलों में उष्ण रात्रि का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को सोते समय भी तपन से निजात नहीं मिल पा रही है।
मेरठ में टूट सकता है गर्मी का 74 साल का रिकॉर्ड
मौसम के मौजूदा तल्ख तेवरों को देखकर लग रहा है कि मेरठ में मई 2026 में गर्मी के पिछले कई रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकते हैं। इतिहास पर नजर डालें तो 1951 से 2025 के बीच मेरठ का पारा 6 बार 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर चुका है। मेरठ के इतिहास का सबसे गर्म दिन 9 मई 1973 था, जब पारा 45.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके अलावा 1978 में 45.7 डिग्री और 1962 में 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। केवल दिन ही नहीं, मेरठ ने 27 मई 2000 को इतिहास की सबसे गर्म रात (32 डिग्री सेल्सियस) भी झेली है।
जानिए कहां कैसा है अलर्ट
रेड अलर्ट (भीषण लू की चपेट में): बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और उनके नजदीकी इलाके।
ऑरेंज अलर्ट (गंभीर लू की चेतावनी): कानपुर (नगर व देहात), वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, रायबरेली, औरैया और ललितपुर।
Also Read: ऑनलाइन दवाओं के विरोध में केमिस्टों का भारत बंद, कहीं बंद तो कहीं खुली रहीं दुकानें

