BAN vs PAK: पाकिस्तान की शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने टेस्ट सीरीज में किया क्लीन स्वीप

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 78 रन की शानदार जीत दर्ज करते हुए दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया।

इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार पाकिस्तान क्रिकेट टीम का दो टेस्ट की सीरीज में क्लीन स्वीप किया। इससे पहले भी बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसी के घर में 2-0 से मात दी थी।

अपने घरेलू मैदान पर बांग्लादेश ने दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान के सामने 437 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। जवाब में पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में 358 रन पर सिमट गई और मुकाबला 78 रन से हार गई।

विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान शतक से चूक गए और 94 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें भी टूट गईं।

पांचवें दिन पहले ही सेशन में खत्म हुआ खेल

दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन पाकिस्तान को जीत के लिए 121 रन चाहिए थे और उसके तीन विकेट शेष थे। दिन के पहले सेशन में मोहम्मद रिजवान और साजिद खान के बीच आठवें विकेट के लिए 50 रन की अहम साझेदारी हुई।

BAN vs PAK

बांग्लादेश के स्पिनर तैजुल इस्लाम ने साजिद खान को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। अगले ही ओवर में रिजवान भी शतक के करीब पहुंचकर शोरीफुल इस्लाम का शिकार बने।

इसके बाद खुर्रम शहजाद के रूप में पाकिस्तान का आखिरी विकेट भी गिर गया और मैच बांग्लादेश की झोली में चला गया।

तैजुल इस्लाम का कहर

पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने 166 गेंदों पर 94 रन बनाए, जबकि कप्तान शान मसूद और सलमान आगा ने 71-71 रन की पारियां खेलीं। हालांकि ये पारियां टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

बांग्लादेश की ओर से तैजुल इस्लाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 34.2 ओवर में 120 रन देकर 6 विकेट झटके और पाकिस्तान की हार की पटकथा लिखी।

मैच और सीरीज का पूरा हाल

बांग्लादेश ने पहली पारी में 278 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 232 रन पर सिमट गई और मेजबानों को 46 रन की बढ़त मिली।

दूसरी पारी में बांग्लादेश ने 390 रन जोड़े और पाकिस्तान को 437 रन का लक्ष्य दिया। इससे पहले बांग्लादेश ने पहला टेस्ट भी 104 रन से जीता था।

दूसरे टेस्ट में पहली पारी में 126 रन और दूसरी पारी में 69 रन बनाने वाले लिट्टन दास को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, दो टेस्ट में कुल 253 रन बनाने वाले मुस्फिकुर रहीम को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार मिला।

Also Read: Rishabh Pant Statement: हार से झल्लाए ऋषभ पंत से इंटरव्यू में निकले अपशब्द, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.