लखनऊ में बिजली कटौती पर हाहाकार, राजाजीपुरम में एक्सईन के गायब होने पर धरने पर बैठे सपा विधायक
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इस समय भीषण गर्मी और बिजली की भारी कटौती से तप रही है। राजाजीपुरम इलाके में अघोषित बिजली कटौती से आजिज आ चुके उपभोक्ताओं के सब्र का बांध मंगलवार रात को टूट गया। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने से नाराज सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बुधवार सुबह जब इस हंगामे की भनक समाजवादी पार्टी (सपा) के स्थानीय विधायक अरमान खान को लगी, तो वह तुरंत तालकटोरा विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। वहां अधिशासी अभियंता (XEN) को नदारद पाकर विधायक का पारा चढ़ गया और वे विभागीय लापरवाही के खिलाफ पावर हाउस परिसर में ही धरने पर बैठ गए।
विधायक अरमान खान का सीधा आरोप है कि इस रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में आम जनता बूंद-बूंद पानी और बिजली के लिए तरस रही है, लेकिन लेसा (LESA) के आला अधिकारी दफ्तरों से गायब हैं और समस्या को लेकर रत्ती भर भी गंभीर नहीं हैं।
24 घंटे गुल रही बत्ती तो उपभोक्ताओं ने घेरा एफसीआई पावर हाउस
राजधानी में बिजली का यह संकट सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं है। लेसा के एफसीआई उपकेंद्र के तहत आने वाली जनता विहार कॉलोनी में पिछले 24 घंटे से मुकम्मल बिजली नहीं थी। सोमवार रात को ट्रांसफार्मर और एबी केबल में आग लगने के कारण पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया था। चार दिनों से जारी इस समस्या से गुस्साए दर्जनों नागरिकों ने मंगलवार रात एफसीआई पावर हाउस को चारों तरफ से घेर लिया।
जनता के उग्र रूप को देखकर ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मचारी मुख्य गेट पर ताला जड़कर अंदर छिप गए। करीब ढाई घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दखल दिया और एसडीओ से बात कर रात 2 बजे तक किसी तरह सप्लाई चालू कराई।
केबल जलने से अवध एन्क्लेव के लोग रातभर तड़पे
उधर, दुबग्गा के बसंतकुंज उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले बेगरिया इलाके में भी ओवरलोडिंग के कारण दो बड़े ट्रांसफार्मरों की केबलें धू-धू कर जल गईं। सोमवार रात मुल्ला टैंकर ट्रांसफार्मर की केबल स्वाहा होने से विशाल सिटी और अवध एन्क्लेव के सैकड़ों परिवार पूरी रात बिना बिजली-पानी के छटपटाते रहे, जिसे मंगलवार दोपहर बदला जा सका।
राहत अभी मिली ही थी कि मंगलवार शाम 7 बजे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर वाली गली में लगे ट्रांसफार्मर की केबल भी लोड न सह पाने के कारण जल गई। मामले पर एसडीओ संदीप वर्मा ने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण फीडर ट्रिप हो रहे हैं, लोड को डिवाइड करके जल्द से जल्द व्यवस्था को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
Also Read: देशभर में दवा विक्रेताओं की हड़ताल, आज बंद रहेंगी खुदरा मेडिकल स्टोर की दुकानें

