Sambhal News: बुजुर्ग महिला से दरिंदगी करने वाला मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक बेहद घिनौने अपराध के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के एक ईंट-भट्टे पर 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले 35 वर्षीय वॉन्टेड अपराधी नसीम को पुलिस ने पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपक तिवारी ने बताया कि 20 मई की रात चंदौसी थाना पुलिस इलाके में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बहजोई की तरफ से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया और रास्ता बदलकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने जब मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया, तो खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर सीधी फायरिंग झोंक दी। आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी और वह बाइक सहित वहीं गिर गया।
पति को शराब लेने भेजकर की थी दरिंदगी
पकड़े गए अपराधी की शिनाख्त नसीम के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले दर्ज हुए एक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, .315 बोर का एक अवैध देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, नसीम पर आरोप है कि उसने 19 मई की रात पत्रोया गांव स्थित एक ईंट-भट्टे पर रहने वाली बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया था। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने शातिराना ढंग से महिला के पति को बहला-फुसलाकर शराब खरीदने के लिए बाहर भेज दिया था और पीछे से दरिंदगी की। पीड़िता के पति की तहरीर पर चंदौसी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई थीं, जिसे आखिरकार मुठभेड़ के बाद सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है।

