हाईकोर्ट ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों पर रोक लगाने के दिए आदेश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल के सभी वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों को तुरंत प्रभाव से सीज करने का ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने यह सख्त रुख फैजुल्लागंज (वॉर्ड संख्या-73) से नवनिर्वाचित पार्षद ललित किशोर तिवारी को कोर्ट के आदेश के 5 महीने बाद भी पद की शपथ न दिलाए जाने की वजह से अपनाया है। हाई कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक निर्वाचित पार्षद को गरिमापूर्ण तरीके से शपथ नहीं दिलाई जाती, तब तक मेयर के पास कोई पावर नहीं रहेगी।

कोर्ट के आदेश के बावजूद अटका रहा शपथ ग्रहण

पूरा मामला वॉर्ड संख्या-73 फैजुल्लागंज के पार्षद चुनाव से जुड़ा हुआ है। 19 दिसंबर, 2025 को चुनाव न्यायाधिकरण (इलेक्शन ट्रिब्यूनल) ने पहले से काबिज पार्षद प्रदीप कुमार शुक्ला के निर्वाचन को शून्य घोषित करते हुए ललित किशोर तिवारी को नया पार्षद घोषित किया था। ललित किशोर तिवारी हाईकोर्ट की अवध बार एसोसिएशन के महामंत्री भी हैं। चुनाव न्यायाधिकरण के फैसले के 5 महीने बाद भी जब उन्हें शपथ नहीं दिलाई गई, तो उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।

इस मामले की सुनवाई के दौरान नगर निगम और मेयर पक्ष के वकीलों ने दलील दी कि न्यायाधिकरण के फैसले के खिलाफ उनकी पहली अपील अभी कोर्ट में पेंडिंग है, इसलिए शपथ नहीं दिलाई गई। हालांकि, याची पक्ष के वरिष्ठ वकीलों (गौरव मेहरोत्रा, नदीम मुर्तजा और उत्सव मिश्रा) ने नगर निगम अधिनियम की धारा 77 का हवाला देते हुए कोर्ट को बताया कि ऐसे आदेशों का असर अगले दिन से स्वतः ही लागू हो जाता है, लिहाजा शपथ रोकना पूरी तरह से गैर-कानूनी है। इसी आधार पर कोर्ट ने गुरुवार को मेयर, जिलाधिकारी (DM) और नगर आयुक्त को तलब किया था, जहां हाजिरी के बाद मेयर की पावर सीज करने का यह कड़ा फैसला आया।

एक तरफ जहां हाई कोर्ट से मेयर सुषमा खर्कवाल को तगड़ा कानूनी झटका लगा है, वहीं दूसरी तरफ वे शारीरिक रूप से भी अस्वस्थ चल रही हैं। अदालत के इस बड़े फैसले के आने से पहले ही उन्हें लखनऊ के कमांड हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर मेयर सुषमा खर्कवाल शहर में आयोजित करीब 22 भंडारों में शामिल होने गई थीं। अत्यधिक धूप और भीषण गर्मी की चपेट में आने की वजह से उनकी तबीयत लगातार नासाज चल रही थी। गुरुवार सुबह वे अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिसके बाद आनन-फानन में डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में एडमिट किया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Also Read: FIFA World Cup 2026 Prize Money: फीफा वर्ल्ड कप में रिकॉर्डतोड़ इनामी राशि, जानकर उड़ जाएंगे होश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.