भीषण गर्मी में बरेली डीएम अविनाश सिंह की अपील, इंसानों के साथ बेजुबानों के लिए भी रखें पानी
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सूरज की तपिश और भीषण हीट वेव (लू) ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। इस जानलेवा गर्मी के बीच जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रक अविनाश सिंह ने बरेली के नगरवासियों से एक बेहद मानवीय और भावुक अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस झुलसा देने वाली गर्मी से जहाँ इंसान त्रस्त हैं, वहीं बेजुबान गोवंश, आवारा पशु और पक्षी भी पानी की बूंद-बूंद के लिए भटक रहे हैं। उनकी इस परेशानी को दूर करने के लिए नागरिक सुरक्षा बरेली की ओर से जिले में जगह-जगह प्याऊ लगाने और पेड़ों के नीचे मिट्टी के बर्तनों में पानी भरने का एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है।

कलेक्ट्रेट परिसर से हुई शुरुआत
इस नेक मुहिम की शुरुआत खुद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट प्रांगण से की। उन्होंने अलखनाथ प्रखंड के सेक्टर वार्डन शंकर शर्मा द्वारा लाए गए मिट्टी के बर्तनों में पानी भरकर इसकी औपचारिक शुरुआत की। डीएम ने कहा कि पेड़ों के नीचे या डालियों पर पानी रखने से गिलहरियों और अन्य छोटे पक्षियों को धूप में भटके बिना आसानी से पानी मिल सकेगा। उन्होंने शहर के तीनों प्रखंडों के वरिष्ठ वार्डनों और सभी पोस्ट वार्डनों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और पशु-पक्षियों के लिए पानी के सकोरे (मिट्टी के बर्तन) रखवाने की व्यवस्था करें।
डीएम ने अपील करते हुए कहा, इस भीषण गर्मी में जहाँ तक संभव हो, आम लोगों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करें। इसके साथ ही अपने घरों की छतों, बाल्कनी और बाहर बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए भी पानी जरूर रखें। इस संकट के समय में यह बेहद पुण्य और मानवता का कार्य है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिल रही जान से मारने की धमकियां

