अमेरिका-ईरान जंग से पैदा हुआ तारकोल संकट, अब यूपी में बनेंगी 50 साल चलने वाली CC रोड: सीएम योगी

Deoria News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया के भीमपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वैश्विक संकटों के बीच राज्य के विकास को गति देने का एक नया फॉर्मूला पेश किया। सीएम योगी ने वैश्विक स्तर पर चल रहे अमेरिका-ईरान तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया के इस संकट के कारण विटूमिन (तारकोल) की उपलब्धता में दिक्कतें आ रही हैं। लेकिन, उन्होंने साफ किया कि वैश्विक संकटों के बावजूद उत्तर प्रदेश का विकास रथ नहीं रुकेगा।

सरकार ने अब सड़कों के निर्माण के लिए इंटरलॉकिंग और सीसी (सीमेंट कंक्रीट) मार्गों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हालांकि इसमें शुरुआती लागत थोड़ी अधिक आएगी, लेकिन एक बार बनने के बाद ये सड़कें 50 साल तक बिना मरम्मत के टिकी रहेंगी।

655 करोड़ की सौगात के साथ सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने देवरिया को 655 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात (लोकार्पण और शिलान्यास) देने के बाद करीब 28 मिनट तक जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए 2017 से पहले के दौर की याद दिलाई। सीएम योगी ने कहा, 2017 से पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि देवरिया में एक मेडिकल कॉलेज बनेगा। उस दौर में शाम 6 बजे के बाद बहू-बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं और व्यापारी दुकानें बंद कर देते थे। सरकारी योजनाओं का लाभ केवल चेहरों को देखकर और भाई-भतीजावाद के आधार पर दिया जाता था।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को केंद्र में रखकर राज्य की सुरक्षा, सुशासन और विकास को बदला गया, जिसके कारण आज देश-दुनिया में उत्तर प्रदेश के नागरिकों को बेहद सम्मान की नजर से देखा जा रहा है।

विपक्ष को राम नाम से था परहेज

मुख्यमंत्री ने अयोध्या, काशी, विंध्याचल और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों के कायाकल्प का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों को ‘राम’ के नाम से ही परहेज था, यही वजह थी कि अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां तक चलवाई गईं। लेकिन आज उसी पावन धरा पर प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार है।

सीएम योगी ने कहा, जब एक राष्ट्रभक्त और अच्छी सरकार सत्ता में होती है, तो वह विकास भी करती है और विरासत का सम्मान भी। आज जब यूपी का कोई नागरिक राज्य से बाहर जाता है, तो लोग उसे गले लगाते हैं। यहाँ तक कि जिन राज्यों में हिंदी नहीं बोली जाती, वहाँ भी लोग ‘जय श्रीराम’ कहकर हमारा स्वागत करते हैं।

इस कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, और विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी मंच से जनता को संबोधित किया।

Also Read: भीषण गर्मी में बरेली डीएम अविनाश सिंह की अपील, इंसानों के साथ बेजुबानों के लिए भी रखें पानी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.