पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे और हुआ महंगा, दिल्ली में 100 रुपये के करीब पहुंची कीमतें
Sandesh Wahak Digital Desk: वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों का सीधा असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर दिखने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को एक बार फिर ईंधन के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। इस नए बदलाव के तहत पेट्रोल के दाम 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दी गई हैं। आपको बता दें कि पिछले महज 10 दिनों के भीतर आम जनता पर यह तीसरी बड़ी मार है, जिससे ईंधन की कीमतें कुल मिलाकर लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगी हो चुकी हैं।
मुंबई-कोलकाता में पेट्रोल 110 रुपये के पार
शनिवार सुबह से लागू हुई नई दरों के बाद देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल का भाव 99.51 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है, जो 100 रुपये के मनोवैज्ञानिक आंकड़े से महज कुछ पैसे दूर है। वहीं दिल्ली में डीजल अब 92.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। देश के अन्य महानगरों की बात करें, तो कीमतें इस प्रकार हैं।
ईंधन के दामों में लगातार हो रहे इस इजाफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सरकार के रुख का बचाव किया है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वैश्विक आंकड़ों का हवाला देते हुए तर्क दिया कि पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग के कारण दुनिया भर में हाहाकार मचा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के ब्लॉक होने और तेल की सप्लाई लाइन कटने से अप्रैल और मई के दौरान ब्रेंट क्रूड लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बना रहा।
Also Read: तेल 200 डॉलर तक पहुंचने का खतरा, होर्मुज तनाव से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संकट

