क्या जल्द IPL में दिखेगी बिहार की टीम? देश के अरबपति बिजनेसमैन ने दिया समर्थन

IPL में बिहार की टीम को लेकर बड़ा संकेत, अनिल अग्रवाल ने रखा फ्रेंचाइजी का प्रस्ताव

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 में बिहार के युवा क्रिकेटरों के शानदार प्रदर्शन के बीच अब राज्य की अपनी टीम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इस बीच देश के जाने-माने अरबपति उद्योगपति और अनिल अग्रवाल ने बिहार की आईपीएल फ्रेंचाइजी को लेकर बड़ा बयान दिया है। वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा है कि बिहार भी इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी टीम का हकदार है।

अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बिहार के खिलाड़ियों की तारीफ की और राज्य के लिए आईपीएल टीम की मांग रखी।

उन्होंने लिखा कि बिहार देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्यों में शामिल है और यहां की क्रिकेट प्रतिभा किसी से कम नहीं है, ऐसे में बिहार को भी चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह अपनी फ्रेंचाइजी मिलनी चाहिए।

उन्होंने बिहार से निकले खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और साकिब हुसैन का नाम लिया।

Anil Agarwal Businessman

अग्रवाल ने लिखा कि पटना में जन्मे ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा, समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने, जबकि गोपालगंज से आने वाले साकिब हुसैन की गेंदबाजी ने सभी का ध्यान खींचा है।

अनिल अग्रवाल ने यह भी सवाल उठाया कि इतने टैलेंट के बावजूद बिहार को अब तक क्रिकेट में वह पहचान क्यों नहीं मिल पाई, जिसका वह हकदार है।

उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि बिहार के युवाओं को खेल समेत हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के पूरे अवसर मिलें और खिलाड़ियों को राज्य में ही विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

अपने पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने यह भी ऐलान किया कि वह बिहार के युवा क्रिकेटरों और राज्य की क्रिकेट टीम को आगे बढ़ाने के लिए बिना शर्त समर्थन देने को तैयार हैं।

उन्होंने लिखा कि बिहार उनके लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावना है और अब समय आ गया है कि यहां की प्रतिभा को बड़े मंच पर पहचान मिले।

अनिल अग्रवाल के इस बयान के बाद एक बार फिर यह बहस तेज हो गई है कि क्या आने वाले समय में आईपीएल में बिहार की अपनी टीम देखने को मिल सकती है।

Also Read: East Bengal ISL Champion: 22 साल का इंतज़ार खत्म! ईस्ट बंगाल एफसी ने जीती इंडियन सुपर लीग 2026 की ट्रॉफी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.