शाहे बेखबर और बिन पेंदी का लोटा, मायावती के बहाने ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चुनावी आहट के बीच सियासी बयानबाज़ी का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। हाल ही में कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया और कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम की बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात की नाकाम कोशिश पर अब सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया है।

शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर राजभर ने भोजपुरी और हिंदी में एक लंबा पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव और राहुल गांधी की दोस्ती पर तीखा तंज कसा है। राजभर ने कांग्रेस को ‘बिन पेंदी का लोटा’ बताते हुए कहा कि इतिहास में एक मुगल राजा था जिसे लोग ‘शाहे बेखबर’ कहते थे, आज अखिलेश का हाल भी वैसा ही हो गया है।

राजभर ने दी अखिलेश को चुनौती

ओपी राजभर ने लिखा, अखिलेश जी, जिन कांग्रेसियों को आप अपना ‘लंगोटिया यार’ समझ रहे हैं, वे तो बिन पेंदी के लोटे निकले। उनकी हिम्मत तो देखिए, वे अपने ठगबंधन वाली मानसिकता लेकर आदरणीय बहनजी के घर पहुंच गए, लेकिन बहनजी ने उन्हें दरवाजे से ही भगा दिया।

राजभर ने आगे लिखा कि अभी हाल ही में तमिलनाडु में इसी लंगोटिया यार (कांग्रेस) ने दगाबाजी की, फिर भी सपा प्रमुख का दिमाग नहीं खुला। अखिलेश यादव को घेरते हुए उन्होंने कहा कि अब तो आपके घर में आपके चाचा का ही अलग खेला शुरू हो चुका है और आपको कोई भाव नहीं दे रहा है। राजभर ने अखिलेश को नसीहत देते हुए कहा कि वे सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लें कि राहुल गांधी उनके बड़े भाई हैं।

उन्होंने चुनौती दी कि अखिलेश यादव एसी कमरों से बाहर निकलकर 45 डिग्री की चिलचिलाती धूप में आएं, क्योंकि सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्ञानी बनने से काम नहीं चलेगा और इस बार सपा का हाल 2022 के चुनावों से भी ज्यादा बुरा होने वाला है।

Also Read: पीएम मोदी को अपशब्द बोलना पड़ा भारी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत 30 पर FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.