Bareilly News: चेकिंग के दौरान एआरटीओ टीम पर हमला करने वाला खनन माफिया गिरफ्तार

Bareilly News: बरेली के आंवला थाना क्षेत्र में रेत के अवैध धंधे और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करने उतरी परिवहन विभाग (आरटीओ) की संयुक्त प्रवर्तन टीम पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खनन माफिया के हौसले इतने बुलंद थे कि चेकिंग से बचने के लिए उसने अफसरों की सरकारी गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, सूचना मिलते ही एक्शन में आई आंवला थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

घटना शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे की है। बदायूं-बरेली के सीमावर्ती रामनगर-आंवला मार्ग पर परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इस टीम में बदायूं के एआरटीओ हरिओम, पीटीओ अभिनव चौधरी, बरेली के पीटीओ (द्वितीय) विनय मिश्रा और पीटीओ रमेश चन्द्र प्रजापति शामिल थे।

तभी टीम को एक सफेद रंग का बिना नंबर का टाटा हॉलेज ट्रैक्टर (सेमिट्रेलर युक्त विशाल वाहन) अत्यधिक मात्रा में रेत लादे हुए आता दिखाई दिया। संदिग्ध लगने पर जब अधिकारियों ने उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पीटीओ विनय मिश्रा ने जब सरकारी गाड़ी से उसका पीछा किया, तो आरोपी चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए अफसरों को जान से मारने की नीयत से सरकारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी और भागने लगा।

तीन जिलों में फैला है नेटवर्क

हमले की सूचना मिलते ही आंवला थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और आरटीओ टीम की मदद से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मौके से पुलिस ने आरोपी चालक रियाज (उम्र 23 वर्ष, पुत्र शनव्वर, निवासी सोनकपुर, थाना स्वार, रामपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है। उस पर रामपुर के अलग-अलग थानों (गंज, टांडा और सिविल लाइंस) में हेट स्पीच, अवैध खनन, सरकारी काम में बाधा डालने और जानलेवा हमले से जुड़ी गंभीर धाराओं में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस दुस्साहस के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आंवला थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 121, 132, 221, 324(4), 281, 125 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत नया केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है। इस शातिर अपराधी को दबोचने वाली टीम में आंवला थाने के उपनिरीक्षक (एसआई) राजेश रावत, सब-इंस्पेक्टर बेगराम सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार और कांस्टेबल महेश कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: स्वरोजगार योजना के नाम पर 32 हज़ार गरीब महिलाओं को ठगने वाला गिरफ्तार, लखनऊ से दबोचा गया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.