पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर भीषण ब्लास्ट, 23 की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में एक बार फिर बम धमाके से अफरा-तफरी मच गई है। खबरों के अनुसार, फ्रंटियर कोर मुख्यालय के प्रवेश द्वार के नजदीक बने रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर यह जोरदार विस्फोट किया गया। इस हादसे में जान-माल का भारी नुकसान होने की खबर है, हालांकि प्रशासन की तरफ से अभी मृतकों की संख्या की अंतिम पुष्टि होना बाकी है। धमाका इतना भीषण था कि वहां खड़ी ट्रेन का एक हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया और चारों तरफ आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
शुरुआती इनपुट के मुताबिक, मन फाटक क्षेत्र में कैंट की तरफ से आ रही ट्रेन के पास हुए इस ब्लास्ट में कम से कम 23 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। विस्फोट के बाद आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया और रेलवे ट्रैक के पास खड़े वाहन भी आग की चपेट में आ गए। फिलहाल सभी घायलों को इलाज के लिए क्वेटा के सिविल अस्पताल ले जाया गया है और मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
यह हमला पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के क्वेटा दौरे के ठीक बाद हुआ है, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। दरअसल, हाल ही में सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के मंगला जरघून गार इलाके में चार दिनों तक चले एक बड़े इंटेलिजेंस ऑपरेशन में उग्रवादी संगठनों के 35 लड़ाकों को ढेर कर दिया था और तीन शीर्ष कमांडरों को दबोचा था। माना जा रहा है कि सेना की इसी बड़ी कार्रवाई से बौखलाकर आतंकियों ने इस आत्मघाती हमले को अंजाम दिया है।
Also Read: रूसी कॉलेज पर हुए ड्रोन अटैक की संयुक्त राष्ट्र ने की निंदा, 18 पहुंचा मरने वालों का आंकड़ा

