Lucknow News: राज्य ललित कला अकादमी में 5 दिवसीय चित्रकला उत्सव का समापन, उभरते कलाकारों की कृतियों ने जीता दिल

Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ के कैसरबाग स्थित राज्य ललित कला अकादमी में आयोजित पांच दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी अभिव्यक्ति प्रदर्शिनी का रविवार को बेहद गरिमामय माहौल में समापन हो गया। इस अनूठी प्रदर्शनी में शहर के करीब 70 प्रतिष्ठित और नए कलाकारों की बेहतरीन कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया था। इन पेंटिंग्स में सामाजिक मुद्दों, कुदरत के खूबसूरत नजारों, सांस्कृतिक धरोहरों और मानवीय भावनाओं को चटक रंगों के जरिए जीवंत किया गया, जिसने कला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

युवा आर्टिस्ट्स की क्रिएटिविटी ने खींचा ध्यान

इस कला उत्सव में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के 60 से अधिक युवा कलाकारों ने हिस्सा लिया। उनकी अनूठी और रचनात्मक पेंटिंग्स ने कला प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और आम दर्शकों को काफी प्रभावित किया। पूरे पांच दिनों तक आर्ट गैलरी में रचनात्मकता, उत्साह और सांस्कृतिक चेतना का एक अद्भुत संगम देखने को मिला।

राज्य ललित कला अकादमी में 5 दिवसीय चित्रकला उत्सव का समापन

कला केवल चित्रों तक सीमित नहीं: मनोज सिंह

समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और पूर्व कस्टम अधिकारी मनोज सिंह शामिल हुए। उन्होंने युवा प्रतिभाओं की हौसलाअफजाई करते हुए कहा, जब रंग कैनवास पर उतरते हैं, तब समाज की सोच को एक नई दिशा मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि कला सिर्फ रेखाओं और रंगों का खेल नहीं है, बल्कि यह समाज के संघर्षों और उम्मीदों को आवाज देती है। हमारे युवाओं में जो समर्पण और कल्पनाशीलता है, उसके दम पर वे जल्द ही वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

राज्य ललित कला अकादमी में 5 दिवसीय चित्रकला उत्सव का समापन

विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया हौसला

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) के सुपरिटेंडेंट (प्रिवेंटिव) रोहित राज ने कहा, कला वह ताकत है, जो खामोश जज्बातों को भी जुबान दे देती है। उन्होंने युवाओं से अपनी कला का इस्तेमाल सामाजिक जागरूकता फैलाने के लिए करने की अपील की।

वहीं, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके शुक्ला ने कला को मानसिक शांति और सकारात्मकता का एक बेहतरीन जरिया बताया। उन्होंने कहा कि यह युवा पीढ़ी को भटकाव से बचाकर समाज में सौहार्द बढ़ाने का काम करती है।

अवॉर्ड्स पाकर खिले कलाकारों के चेहरे

समारोह के आखिरी दिन शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा कलाकारों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों ने कलाकारों के इस हुनर की खुलकर तारीफ की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Also Read: Bareilly News: सीडीएस की छात्रा से रिश्ते के मामा ने रिवॉल्वर दिखाकर कार में किया रेप, गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.