Bareilly News: नशीले डोडा के साथ तस्कर गिरफ्तार, उत्तराखंड में सप्लाई करने की थी तैयारी

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुभाषनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए एक शातिर तस्कर को सवा चार किलो के करीब (4 किलो 177 ग्राम) अवैध डोडा छिलका के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इस खेप को उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

माल गोदाम रोड पर बिछाया गया था जाल

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 23 मई, 2026 की रात को सुभाषनगर पुलिस की टीम कैंट विधानसभा क्षेत्र के माल गोदाम रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से भारी मात्रा में अवैध डोडा छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए तस्कर की पहचान नन्नू (पुत्र स्वर्गीय जसवंत) के रूप में हुई है, जो सुभाषनगर के ही तिवारी मंदिर वाली गली (मोहल्ला सुभाषनगर) का रहने वाला है। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी नन्नू ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त है। वह इस डोडा छिलका को उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था।

दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे

पकड़ा गया आरोपी नन्नू कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि इलाके का हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास है, जिसमें सुभाषनगर और कोतवाली थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, मारपीट, धमकी और गंभीर धाराओं (BNS व भादवि) के तहत कई मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। सुभाषनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जगत सिंह, हेड कांस्टेबल सुधांशू कुमार और कांस्टेबल टानू कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: सुवेंदु सरकार का आदेश, घुसपैठियों को पकड़कर होल्डिंग सेंटर में डालें, फिर BSF को सौंपें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.