Moradabad News: तेज धूप में ट्रैफिक ड्यूटी बनी जानलेवा, अस्पताल पहुंचने से पहले PRD जवान की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है।
भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान किशन स्वरूप के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, किशन स्वरूप रविवार सुबह करीब 6 बजे से मधुबनी चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे तेज धूप में खड़े-खड़े अचानक उन्हें चक्कर आया और वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए।
साथ में मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें एम्बुलेंस की मदद से मुरादाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। ईसीजी जांच की गई और सीपीआर भी दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद जवान को बचाया नहीं जा सका।
डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित किया, यानी अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सकों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और लंबे समय तक धूप में ड्यूटी करने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग और मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। सहकर्मी जवानों का कहना है कि किशन स्वरूप पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभा रहे थे।
गौरतलब है कि PRD (प्रांतीय रक्षक दल) के जवान राज्य सरकार के अधीन स्वैच्छिक और अनुबंध-आधारित सुरक्षा बल के रूप में कार्य करते हैं।
इन्हें स्थायी वेतन के बजाय ड्यूटी के दिनों के हिसाब से मानदेय दिया जाता है। भीषण गर्मी के बीच इस घटना ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

