UP में अवैध खनन पर कसेगा शिकंजा, बनेगी विशेष टास्क फोर्स, CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा।
यह निर्देश Yogi Adityanath ने रविवार को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और इससे जुड़े नेटवर्क को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक जवाबदेही पर जोर देते हुए कई अहम फैसले लिए।
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश के प्रत्येक विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक चौपाल आयोजित की जाएगी, जहां आम जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
राजस्व विवाद, घरेलू हिंसा, अवैध वसूली और थानों में दर्ज न होने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए गए हैं।
IGRS और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लापरवाही नहीं
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि IGRS पोर्टल और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केवल औपचारिक निस्तारण नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। साथ ही सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चौपालों के माध्यम से लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
गंगा दशहरा और बकरीद पर विशेष सतर्कता
आगामी गंगा दशहरा और बकरीद को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बकरीद पर सार्वजनिक स्थानों पर पशु बलि की अनुमति नहीं होगी और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही की जा सकेगी।
साथ ही नमाज केवल पारंपरिक स्थलों पर ही अदा होगी और सड़क जाम कर नमाज पढ़ने की अनुमति किसी भी स्थिति में नहीं दी जाएगी।
कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के सुरक्षित निस्तारण, खुले में मांस बिक्री पर रोक और अवैध बूचड़खानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
संवेदनशील जिलों में फ्लैग मार्च और निगरानी
मुख्यमंत्री ने अलीगढ़, बिजनौर, सहारनपुर, रामपुर और संभल जैसे संवेदनशील जिलों में त्योहारों से पहले फ्लैग मार्च, धार्मिक स्थलों के आसपास निरंतर पुलिस गश्त और संभावित उपद्रवियों की सूची तैयार कर निवारक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस स्टेशन, तहसील और जिला स्तर पर शांति समितियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
गंगा दशहरा को लेकर प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट, हापुड़, मुजफ्फरनगर और अमरोहा सहित कई जिलों में घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस, छायादार व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

अवैध खनन और सड़क सुरक्षा पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने और अवैध खनन रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए।
साथ ही भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा, यह स्पष्ट करते हुए कि किसी भी व्यक्ति के वैध अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए।
जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद रिक्त हैं, वहां तत्काल नियुक्ति करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि ‘ज्ञान भारतम मिशन’ के तहत प्रदेश में अब तक 12 लाख पांडुलिपियों की पहचान की जा चुकी है, जबकि पुलिस महानिदेशक ने आगामी त्योहारों और परीक्षाओं को लेकर पुलिस तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

