Siddharthnagar News: जनसमस्याओं को लेकर सपाइयों ने किया प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा 9 सूत्रीय ज्ञापन

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में जुटे सपाईयों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को रेखांकित करते हुए महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक 9 सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को सौंपा।

इस ज्ञापन के माध्यम से सपा ने लगातार बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती, बदहाल किसान, लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में पैर पसारते स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन और सरकार से तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की है।

2027 में अखिलेश यादव के आने पर ही होगा समाधान: मणेन्द्र मिश्रा

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में किसान, नौजवान, महिलाएं और मजदूर वर्ग पूरी तरह त्रस्त और उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि सूबे की जनता की इन बुनियादी और गंभीर समस्याओं का मुकम्मल समाधान केवल साल 2027 में अखिलेश यादव के दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर ही मुमकिन हो सकेगा।

जनसमस्याओं को लेकर सपाइयों ने किया प्रदर्शन

पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

सपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में खेती की मौजूदा जरूरतों को देखते हुए प्रशासन से मांग की गई है कि किसानों को ट्रैक्टरों और जरीकेनों में पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा यूरिया व अन्य खादों की कालाबाजारी पर तुरंत रोक लगाने, पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों को नियंत्रित करने, घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की सौ फीसदी होम डिलीवरी सुनिश्चित करने और ग्रामीण इलाकों में रोस्टर के मुताबिक निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

इसके साथ ही, ज्ञापन में हाल ही में हुए नीट (NEET) समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने, नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग माफियाओं के सिंडिकेट को ध्वस्त करने और नेशनल हाईवे पर ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित क्षेत्रों) में स्पीड ब्रेकर व आवश्यक संकेतक बनाने की मांग भी की गई है।

प्रदर्शन में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ता और महिलाएं

इस बड़े राजनीतिक प्रदर्शन में राम मिलन भारती, शकील शाह, गोपाल फौजी, ज्योती, आरती, गीता, निर्मला, राधिका, राजमती, प्रमिला, फूलमती, इब्राहिम बाबा, राकेश दूबे, शौकत अली, डॉ. अमित शर्मा, अल्ताफ खान, मसूद आलम, पंकज तिवारी, सूरज भास्कर, शादाब आलम, फ़ैज़ान आलम और संदीप साहनी समेत भारी तादाद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और महिलाएं मौजूद रहीं।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Pratapgarh News: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश, कॉल रिकॉर्ड से खुला विनोद की हत्या का राज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.