Pratapgarh News: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश, कॉल रिकॉर्ड से खुला विनोद की हत्या का राज

Pratapgarh News: जनपद के कोहंडौर थाना क्षेत्र में हुए विनोद कुमार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस पत्नी पर पति की मौत के बाद सबसे ज्यादा रोने-बिलखने का दिखावा था, वही पति की हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और फिर सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या करवा दी।

थाना कोहंडौर क्षेत्र के भावापुर गांव निवासी विनोद कुमार 28 अप्रैल, 2026 की रात शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। देर रात खोजबीन के दौरान उनका शव गांव के कब्रिस्तान के पास संदिग्ध हालत में मिला था। मृतक के भाई ने विनोद की पत्नी पिंकी देवी के व्यवहार पर शक जताते हुए हत्या की आशंका जाहिर की थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सबसे बड़ा सुराग मोबाइल कॉल रिकॉर्ड से मिला। पुलिस ने जब कॉल डिटेल खंगाली तो सामने आया कि पिंकी देवी पिछले दो वर्षों से बदरे आलम नामक युवक से लगातार संपर्क में थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरे हो गए थे। मृतक विनोद कुमार को इस अवैध संबंध की जानकारी हो चुकी थी, जिसको लेकर घर में विवाद भी होता था।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी पिंकी देवी ने जो कहानी बताई, उसने पूरे इलाके को हिला दिया। आरोपी महिला ने कबूल किया कि उसने और उसके प्रेमी बदरे आलम ने मिलकर विनोद कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। घटना वाली रात प्रेमी ने पिंकी के मोबाइल से विनोद को फोन कर कब्रिस्तान के पास बुलाया। वहां उसे कुछ खिलाने-पिलाने के बाद नाक और मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया गया।

हत्या के बाद आरोपी महिला ने खुद को बचाने के लिए मासूम बनने का नाटक किया। उसने परिवार वालों से कहा कि उसका पति शौच के लिए गया था और वापस नहीं आया। फिर परिवार के साथ मिलकर शव खोजने का ड्रामा भी किया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला पोस्टमार्टम कराने से भी बचना चाहती थी, क्योंकि उसे डर था कि सच सामने आ जाएगा।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में थाना कोहंडौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंकी देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सैमसंग मोबाइल भी बरामद किया है। मामले की जांच अभी जारी है और फरार प्रेमी बदरे आलम की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा है कि जिस रिश्ते को भरोसे और साथ का प्रतीक माना जाता है, वहीं लालच और अवैध संबंधों ने एक परिवार को बर्बाद कर दिया। गांव में घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- विनोद मिश्रा

Also Read: Siddharthnagar News: मिशन शक्ति की पहल पर गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने को राजी हुए सात परिवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.