ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने से गांवों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: अमजद अली प्रधान
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों का कार्यकाल एक साल और बढ़ाए जाने तथा वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही उनके गांवों का प्रशासक नियुक्त करने के निर्णय का सिद्धार्थनगर जिले के पंचायत प्रतिनिधियों ने पुरजोर स्वागत किया है। राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन सिद्धार्थनगर के जिला महामंत्री अमजद अली प्रधान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कदम की सराहना की। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था को सुदृढ़ और जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने वाला एक ऐतिहासिक व दूरदर्शी निर्णय करार दिया।
संगठन के महामंत्री अमजद अली प्रधान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के इस जनहितैषी फैसले से ग्रामीण अंचलों में चल रहे या लंबित पड़े विकास कार्यों को एक नई रफ्तार मिलेगी। इससे ग्रामीण जनता को अपने रोजमर्रा के कामों और सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताकर सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों को और अधिक गहरा व मजबूत करने का सराहनीय काम किया है।
गांव-गरीब के लिए मील का पत्थर
अमजद अली ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस फैसले के बाद से जिले के सभी ग्राम प्रधानों और पंचायत सदस्यों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है। इस निर्णय से पूरे सूबे के पंचायत प्रतिनिधि खुद को गौरवान्वित और प्रशासनिक रूप से सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन की सिद्धार्थनगर इकाई ने मुख्यमंत्री के प्रति सामूहिक रूप से कृतज्ञता और आभार प्रकट किया। उन्होंने एक सुर में कहा कि पंचायतों के कार्यकाल विस्तार का यह फैसला उत्तर प्रदेश के गांवों, गरीबों, शोषितों और अन्नदाता किसानों के कल्याण व चहुंमुखी विकास के मार्ग में एक मील का पत्थर साबित होगा।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की खुली धमकी, कहा- दुस्साहस किया तो देंगे विनाशकारी जवाब

