आजमगढ़ से 50 हजारी इनामी गैंगस्टर अब्दुल वाहिद गिरफ्तार

Azamgarh News: यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र से 50,000 रुपये के इनामी और वांछित अपराधी अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अब्दुल वाहिद के खिलाफ निजामाबाद थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था।

एसटीएफ की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पर मौजूद बिन्द्रा बाजार कट के पास जियो टॉवर के सामने खड़ा है। इस सटीक जानकारी के आधार पर उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने घेराबंदी करके आरोपी को दोपहर करीब 1:05 बजे दबोच लिया।

चोरी की कई वारदातों को दे चुका है अंजाम

पूछताछ के दौरान आरोपी अब्दुल वाहिद निवासी- मुस्लिम पट्टी, निजामाबाद ने कबूल किया कि वह और उसके साथी मिलकर इलाके में सक्रिय रूप से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। साल 2024 में भी उसने कई चोरियां की थीं, जिसके बाद उसे जेल की हवा खानी पड़ी थी। जेल से छूटने के बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियां बंद नहीं हुईं, जिसके कारण साल 2026 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

एसटीएफ के मुताबिक, अब्दुल वाहिद एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ आजमगढ़ के निजामाबाद थाने में साल 2022 से लेकर 2026 के बीच चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 5 गंभीर मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय गंभीरपुर थाने को सौंप दिया है।

Also Read: Rajni Ki Baraat Review: छोटी फिल्म, बड़ा संदेश… मॉडर्न लड़कियों को हिम्मत देने आ रही है ‘रजनी की बारात’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.