बुलडोजर चलाकर डराने वाले सीएम योगी गौ-रक्षा में पूरी तरह फेल: अविमुक्तेश्वरानंद

Banda News: ज्योतिर्मठ पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज की गविष्टि यात्रा बुधवार को बुंदेलखंड के बांदा जिले से शुरू हो गई। इस यात्रा को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और सनातन धर्मावलंबियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के शुभारंभ पर मीडिया से रूबरू होते हुए शंकराचार्य ने एक बार फिर गाय को पशु की सूची से हटाकर देश में माता का दर्जा देने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की गौ-संरक्षण नीतियों पर तीखा हमला बोला और बुंदेलखंड में हो रही किसानों की आत्महत्याओं को विपरीत परिस्थितियों के कारण होने वाली जबरन हत्या करार दिया।

मुस्लिम समुदाय भी गाय को माता मानने को तैयार

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने दावा किया कि गौ माता की रक्षा और सम्मान के संकल्प के साथ शुरू हुई इस गविष्टि यात्रा को समाज के हर वर्ग का साथ मिल रहा है। उन्होंने कहा, मुस्लिम समुदाय के लोग भी अब खुलकर सामने आ रहे हैं और कह रहे हैं कि यदि सरकार गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देती है, तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। महाराज ने आगे कहा कि देश का कोई भी राजनीतिक दल इस संवेदनशील मुद्दे के विरोध में नहीं है, लेकिन इसके बावजूद मौजूदा सरकार गाय को संवैधानिक रूप से माता का दर्जा देने से कतरा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा राजनीतिक हमला बोलते हुए शंकराचार्य ने कहा कि योगी जी खुद गोरक्षपीठ से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए संतों और जनता को उनसे गौ-रक्षा की सबसे ज्यादा उम्मीदें थीं। लेकिन, वह इस मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, मैं तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस मामले में फेल ही कहूंगा। जो व्यक्ति जिस विचारधारा से आता है, उसे सबसे पहले वही काम पूरा करना चाहिए। लेकिन यहाँ तो सरकार सिर्फ बुलडोजर का डर दिखाकर और लोगों को धमकाकर शासन चलाने में व्यस्त है।

सनातन धर्म मनमानी नहीं, आत्म-नियंत्रण सिखाता है

यात्रा के संदेश को स्पष्ट करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि सनातन धर्म कभी भी किसी को अपनी मनमानी करने की इजाजत नहीं देता। यह पूरी मानवता को अनुशासित करने और सही मार्ग पर लाने की क्षमता रखता है। सनातन का मूल आधार ही यही है कि इंसान गलत कामों से दूर रहे और धर्म के मार्ग पर चले।

Also Read: आजमगढ़ से 50 हजारी इनामी गैंगस्टर अब्दुल वाहिद गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.