Lucknow News: पीजीआई इलाके में प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। पीजीआई थाना क्षेत्र के रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां बरसा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर हवा में असलहा लहराते हुए बड़े आराम से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और चारों तरफ दहशत फैल गई।

दफ्तर पहुंचते ही करीब से मारी गोली

मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह अपने परिवार (पत्नी प्रीति, बेटी सीवी और बेटे सार्थक) के साथ लखनऊ के वृंदावन सेक्टर में किराए पर रहते हैं। उनका मोहनलालगंज इलाके में प्लॉटिंग का बड़ा कारोबार है। संदीप के ड्राइवर प्रदीप के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही संदीप सिंह अपनी कार से उतरकर कल्ली पश्चिम स्थित कार्यालय की सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बाइक सवार शूटरों ने उन पर फायरिंग झोंक दी। गोली संदीप के सिर और सीने के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रहे संदीप

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर दौड़े। स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ संदीप को तुरंत नजदीकी अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस और क्राइम ब्रांच

व्यस्ततम समय में सरेआम हुई इस वारदात की खबर मिलते ही डीसीपी (दक्षिण) अमित कुमार आनंद, पीजीआई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद हमलावरों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है। बदमाशों के भागने के रूट और मोटरसाइकिल के नंबर का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सभी सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती तफ्तीश में पुलिस इस खूनी खेल के पीछे किसी पुराने जमीनी विवाद या आपसी रंजिश की आशंका जता रही है। पुलिस संदीप के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है ताकि दुश्मनी के सुराग मिल सकें।

Also Read: कोर्ट की अवमानना मामले में बायजू रवींद्रन को 6 महीने की जेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.