पुणे में शराब पीने से 13 लोगों की मौत, मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे और उससे सटे औद्योगिक शहर पिंपरी-चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक्शन में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य शराब तस्कर योगेश वानखेड़े को गिरफ्तार कर लिया है।
दापोडी और फुगेवाड़ी में सबसे ज्यादा कहर
शुरुआती जांच के अनुसार, पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाकों में जहरीली शराब ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है, जहाँ 8 लोगों की जान चली गई। वहीं पुणे के काले पाडल इलाके में 3 और हडपसर क्षेत्र में 2 लोगों की मौत दर्ज की गई है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू कर दी है।
घटनाक्रम के मुताबिक, दापोडी, फुगेवाड़ी, हडपसर और काले पाडल इलाके के कुछ स्थानीय लोगों ने इस जहरीली शराब का सेवन किया था। शराब पीने के कुछ ही देर बाद अचानक सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। चश्मदीदों के अनुसार, पीड़ितों के मुंह से झाग निकलने लगा और इससे पहले कि उन्हें सही इलाज मिल पाता, चंद मिनटों के भीतर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े
पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी योगेश वानखेड़े का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने भारी मुनाफा कमाने के चक्कर में स्पिरिट मिलाकर यह जानलेवा नकली शराब तैयार की थी। इसके बाद उसने अपनी इस खेप को पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के अलग-अलग ठिकानों पर अवैध रूप से सप्लाई किया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खूनी खेल में उसके साथ और कौन-कौन से सिंडिकेट शामिल हैं।
Also Read: Mumbai Indians: क्यों छीनी जा सकती है हार्दिक पंड्या से कप्तानी? सामने आईं 5 बड़ी वजहें

