ताजमहल की खूबसूरती देख मुग्ध हुईं टिफनी ट्रंप, तय वक्त से पहले अचानक पहुंचीं आगरा

Agra News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार सुबह अपनी निजी भारत यात्रा के तहत मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार करने आगरा पहुंचीं। वैसे तो उनका यह दौरा आधिकारिक तौर पर रविवार सुबह के लिए तय था, लेकिन प्रोटोकॉल और तय समय से पहले शनिवार को ही उनके अचानक आगरा आ जाने से स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की धड़कनें बढ़ गईं। आनन-फानन में वीवीआईपी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। टिफनी ट्रंप का चार्टर्ड विमान सुबह करीब 9:45 बजे खेरिया हवाई अड्डे पर लैंड हुआ, जहां से उनका काफिला सीधे ताजमहल के लिए रवाना हो गया।

सुबह करीब 11:50 बजे टिफनी ने अपने पति माइकल बुलोस, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गौर और कुछ बेहद करीबी रिश्तेदारों के साथ ताजमहल परिसर में कदम रखा। सफेद संगमरमर की इस नायाब और ऐतिहासिक इमारत को देखते ही टिफनी के चेहरे पर हैरानी और खुशी के भाव साफ नजर आ रहे थे। उन्होंने इस खूबसूरत वास्तुकला की बारीकियों को बेहद करीब से जाना।

ताजमहल की खूबसूरती देख मुग्ध हुईं टिफनी ट्रंप

डायना बेंच पर बिताया वक्त, अब जैसलमेर का रुख

ताजमहल भ्रमण के दौरान टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बुलोस ने परिसर में स्थित दुनिया भर में मशहूर ‘डायना बेंच’ पर बैठकर कई यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। ट्रंप परिवार ने इस विश्व धरोहर के साए में करीब एक घंटे का वक्त बिताया। हालांकि यह एक पूरी तरह से निजी और पारिवारिक ट्रिप थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के परिवार से जुड़ा मामला होने के चलते सुरक्षा में रत्ती भर भी ढील नहीं दी गई। सुरक्षा को लेकर खुफिया विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा।

यह करीब छह साल बाद हुआ है जब ट्रंप परिवार का कोई सदस्य एक बार फिर भारत के इस अजूबे को देखने आगरा पहुंचा है। हाल ही में मिस्र की यात्रा खत्म करने के बाद भारत आईं टिफनी ट्रंप आगरा का दौरा पूरा करने के बाद अपने निजी विमान से राजस्थान के ऐतिहासिक शहर जैसलमेर के लिए उड़ान भरेंगी।

Also Read: यूपी परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, गाजियाबाद, लखनऊ और कानपुर समेत 26 ARTO का तबादला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.