Asian Games 2026: सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल बाहर, वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार एंट्री

Sandesh Wahak Digital Desk: एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जापान के आइची–नागोया में सितंबर–अक्टूबर 2026 में होने वाले एशियन गेम्स के लिए 30 खिलाड़ियों की संभावित सूची भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को सौंप दी है।

इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की एंट्री और मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव व कप्तान शुभमन गिल के बाहर होने को लेकर हो रही है।

आईपीएल 2026 में अपने आक्रामक प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार एशियन गेम्स की संभावित टीम में शामिल किया गया है। वहीं, सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल का नाम इस सूची में नहीं है।

Asian Games 2026

दो सीरीज, दो टीमें बनाने की मजबूरी

दरअसल, भारत का वेस्टइंडीज दौरा और एशियन गेम्स का क्रिकेट टूर्नामेंट लगभग एक ही समय पर होना है।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज प्रस्तावित है, जबकि एशियन गेम्स का पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेला जाएगा।

इसी टकराव के चलते चयनकर्ताओं को दो अलग-अलग टी20 टीमों की योजना बनानी पड़ी है।

सूत्रों के मुताबिक, शुभमन गिल को वनडे टीम की जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स की सूची में नहीं रखा गया।

वहीं, सूर्यकुमार यादव को 2028 ओलंपिक और अगले टी20 वर्ल्ड कप की दीर्घकालिक योजनाओं का हिस्सा नहीं माना जा रहा है।

कप्तानी के दावेदार और संभावित रणनीति

एशियन गेम्स टीम की कप्तानी के लिए श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम सूची में शामिल है, लेकिन 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए उनकी प्राथमिकता वनडे क्रिकेट रह सकती है।

स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे को जगह दी गई है, हालांकि इनमें से केवल दो खिलाड़ियों के ही एशियन गेम्स टीम में खेलने की संभावना जताई जा रही है।

हांगझोऊ के स्वर्ण विजेता कप्तान को भी मौका

दिलचस्प बात यह है कि हालिया फॉर्म भले ही शानदार न रही हो, लेकिन हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को भी संभावित सूची में शामिल किया गया है।

एशियन गेम्स 2026 के लिए संभावित 30 खिलाड़ी

BCCI की ओर से IOA को भेजी गई सूची में यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकूल रॉय, आयुष बदोनी, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, शाहबाज अहमद, शिवम दुबे, विपराज निगम, हर्षित राणा, यश ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं।

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इन 30 खिलाड़ियों में से अंतिम टीम में किसे मौका मिलता है और कौन भारत के लिए एशियन गेम्स में मैदान संभालता है।

Also Read: Asian Games 2026 का सपना टूटा, ट्रायल्स के सेमीफाइनल में हारीं विनेश फोगाट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.