Lucknow News: राजधानी में देर रात मुठभेड़, अंतर्राज्यीय लूट गिरोह के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: जोन-दक्षिणी के थाना कृष्णानगर क्षेत्र में पुलिस और सर्विलांस टीम (दक्षिणी) की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय लूट/छिनैती करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ज्वैलरी, नगदी, अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 मई 2026 को थाना कृष्णानगर में दर्ज मुकदमा संख्या 231/2026 के तहत मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों द्वारा वादी के सामने बैग छीनकर फरार होने की घटना सामने आई थी।

इससे पहले चैन स्नैचिंग की एक अन्य घटना में भी मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इन मामलों के सफल अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में चार टीमें गठित की गईं।

टीमों ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ मैनुअल व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

मुठभेड़ का घटनाक्रम

30 मई 2026 की देर रात मानसनगर रोड पर आशाराम बापू आश्रम के पास संदिग्धों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया।

आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा और गिरने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी। दोनों का इलाज लोकबंधु अस्पताल में चल रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त

  1. रोहन उर्फ गुड्डू (23), निवासी अम्बेडकर नगर, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली
  2. साहिल (21), निवासी मदनगिरि, अम्बेडकर नगर, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रोहन उर्फ गुड्डू पर विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि साहिल के खिलाफ भी उन्नाव और गौतमबुद्धनगर में कई मुकदमे दर्ज हैं।

बरामदगी

  • पीली धातु की चैन (लगभग 5.70 ग्राम)
  • एक बैग (कपड़े व सिगरेट)
  • दो अवैध तमंचे (.315 बोर)
  • दो जिंदा व तीन खोखा कारतूस
  • बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई थाना कृष्णानगर पुलिस एवं सर्विलांस टीम (दक्षिणी), कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा की गई।

Also Read: प्रतापगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा 1 लाख का इनामी भानु प्रताप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.