Lucknow News: थाना विकासनगर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के थाना विकासनगर क्षेत्र में पुलिस और वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सनी यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना विकासनगर में दर्ज मुकदमा संख्या 95/2026 (धारा 75/352/351(3)/109(1) बीएनएस) में वांछित अभियुक्त सनी यादव पुत्र राम छवि यादव, निवासी केकेवी कॉलोनी, महावीर पुरी, थाना हुसैनगंज, उम्र लगभग 34 वर्ष, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश एवं चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान 31 मई 2026 की सुबह टेढ़ीपुलिया के पास अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से अवैध शस्त्र से फायरिंग कर दी।
अभियुक्त द्वारा चलाई गई पहली गोली थाना विकासनगर के थानाध्यक्ष के सरकारी वाहन के गेट पर लगी, जबकि दूसरी गोली भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) उत्तरी क्षेत्र, लखनऊ परिसर स्थित मैदान की ओर गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तथा पुलिस टीम और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान अभियुक्त सनी यादव के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल अभियुक्त को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित साक्ष्य संकलन और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

