NIA के डिप्टी एसपी की बाइक मुरादाबाद हाईवे पर कंटेनर के पीछे घुसी, मौके पर ही मौत

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-24) पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी के दिल्ली ऑफिस में तैनात डिप्टी एसपी ईशान मेहरा (32 वर्ष) की इस सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कटघर थाना क्षेत्र के देवापुर गांव के पास हाईवे पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार डिप्टी एसपी की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि उनके साथ सफर कर रही उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मूल रूप से पंजाब के मोहाली के रहने वाले एनआईए अधिकारी ईशान मेहरा अपनी महिला मित्र पूनम के साथ शुक्रवार रात बाइक से दिल्ली से उत्तराखंड के बाजपुर की ओर जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे देवापुर गांव के सामने अचानक उनकी तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे एक बड़े कंटेनर में पीछे से बेहद जोरदार तरीके से जा घुसी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और हाईवे पर गश्त कर रही कटघर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने लहुलूहान हालत में दोनों को बाइक के मलबे से निकाला और एम्बुलेंस के जरिए तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद डिप्टी एसपी ईशान मेहरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पूनम को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक ईशान मेहरा दिल्ली एनआईए मुख्यालय में डिप्टी एसपी के पद पर देश सेवा में कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही विभाग के आला अधिकारी और उनके परिजन मुरादाबाद पहुंच गए। शनिवार को पोस्टमार्टम की कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है, जिसे लेकर वे मोहाली रवाना हो गए हैं। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी या कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने की वजह से हुआ या ओवरटेकिंग के चक्कर में यह दर्दनाक वाकया पेश आया।

Also Read: PM मोदी ने मन की बात में कहा– गर्मी में देसी पेय अपनाएँ, एथलीटों की जुगलबंदी और चोल राज की ताम्र पट्टिकाओं पर भी की बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.