Siddharthnagar News: जनगणना 2027 का शंखनाद, देवपुर मस्जिदिया में घर-घर पहुंचे प्रगणक, 34 बिंदुओं पर जुटाई जानकारी
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में आगामी भारत की जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जमीन पर उतर चुकी हैं। रविवार को सदर तहसील नौगढ़ के लोटन विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत देवपुर मस्जिदिया से मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) और मकान गणना के काम का आधिकारिक आगाज हो गया। अभियान के पहले ही दिन प्रगणकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांव के 75 परिवारों के मुखियाओं से मुलाकात की और तय प्रारूप के तहत 34 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बारीकी से डेटा जुटाया। प्रगणकों के मुताबिक, मकानों की नंबरिंग और सूचीकरण का यह विशेष अभियान आगामी 20 जून 2026 तक अनवरत जारी रहेगा।
इस शुरुआती चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद जनगणना का अगला दौर शुरू होगा, जिसमें हर परिवार के प्रत्येक सदस्य की व्यक्तिगत और विस्तृत प्रोफाइल तैयार की जाएगी। फिलहाल, सर्वे टीम मकानों की मौजूदा स्थिति, परिवारों के ढांचे और अन्य जरूरी बुनियादी सूचनाओं को दर्ज करने में जुटी है।

बंद मकानों का नहीं होगा सर्वे
इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में तैनात प्रगणक व शिक्षामित्र राजाराम (प्राथमिक विद्यालय पटखौली, जोगिया) और उनके सहयोगी शिक्षामित्र धर्मराज ने बताया कि इस महासर्वे से मिलने वाले आंकड़े देश की आबादी, सामाजिक ताने-बाने और आर्थिक मोर्चे की असली तस्वीर पेश करेंगे। इन्हीं आंकड़ों के बूते सरकारें भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का खाका खींचती हैं। प्रगणकों ने एक बेहद जरूरी जानकारी साझा करते हुए बताया कि जो परिवार लंबे समय से अपने घरों में ताला लगाकर दूसरे राज्यों या जिलों में पलायन कर चुके हैं, उनके मकानों की लिस्टिंग नहीं की जाएगी। ऐसे सूने मकानों को ‘गैर-आवासीय’ (नॉन-रेसिडेंशियल) कैटेगरी में डाल दिया जाएगा।
सर्वे टीम ने ग्रामीणों से खुलकर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना में दिया गया हर एक सही इनपुट भविष्य में सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ पाने का जरिया बनता है, इसलिए कोई भी परिवार इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी जानकारी दर्ज कराने से न चूके।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने दिया इस्तीफा, सेना पर मढ़े संगीन आरोप

