मासूम रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने के आरोप में आप नेता सौरभ भारद्वाज पर FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज एक बड़े कानूनी विवाद में फंस गए हैं। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक मासूम बच्ची के साथ हुए यौन उत्पीड़न के मामले में पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने भारद्वाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले महीने जनकपुरी के एक स्कूल परिसर में तीन वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म की एक खौफनाक वारदात सामने आई थी। इस संवेदनशील मामले को लेकर सौरभ भारद्वाज द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट को पीड़िता की पहचान उजागर करने का आधार मानते हुए जनकपुरी पुलिस ने यह एफआईआर दर्ज की है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक और तीखा पोस्ट साझा किया था। उन्होंने लिखा था, आज देश में सबसे कम उम्र की एक कॉकरोच (क्रिटिकली प्रताड़ित) है जो महज 3 साल की एक बच्ची है। जनकपुरी के एक नामचीन स्कूल में उसके साथ दरिंदगी हुई और इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी स्कूल का ही एक 57 वर्षीय वरिष्ठ अधिकारी है।
दोबारा मेडिकल और पुलिसिया दबाव का लगाया था आरोप
पीड़िता की पहचान से जुड़े कानूनी विवाद के साथ-साथ आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस की कार्यशैली को भी कठघरे में खड़ा कर रही है। सौरभ भारद्वाज ने पीड़ित परिवार के हवाले से दिल्ली पुलिस पर बेहद संगीन आरोप लगाए थे। आप नेता के अनुसार, पीड़ित बच्ची की मां ने शिकायत की थी कि स्थानीय थाना प्रभारी और जिले के डीसीपी इस पूरे संवेदनशील मामले को रफा-दफा करने और दबाने के लिए परिवार पर मानसिक दबाव बना रहे हैं।
भारद्वाज ने पुलिस प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पीड़ित माता-पिता अपनी बच्ची का ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में दोबारा निष्पक्ष मेडिकल परीक्षण कराने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस इस मांग को लगातार ठुकरा रही है। उन्होंने घेराबंदी करते हुए पूछा था कि आखिर पुलिस प्रशासन एम्स में जांच कराने से क्यों कतरा रहा है? स्कूल के रसूखदार अधिकारी और मुख्य आरोपी को किसका संरक्षण प्राप्त है? क्या इस देश में किसी मासूम को इंसाफ पाने के लिए सोशल मीडिया पर भारी जनआक्रोश की जरूरत पड़ेगी? आपको बता दें कि इस पूरी घटना और पुलिसिया रवैये के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने पिछले दिनों दिल्ली की सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन भी किया था।
Also Read: Siddharthnagar News: पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के आवेदन शुरू, सिंचाई उपकरणों पर मिलेगा 90% तक अनुदान

