कानून व्यवस्था और महंगाई के खिलाफ माता प्रसाद पांडेय की अगुवाई में सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा 13 सूत्रीय मांग पत्र
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सोमवार को समाजवादी पार्टी ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा जिलाध्यक्ष लाल जी यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून, बांसी की चेयरमैन चमन आरा, सपा नेता कमाल अहमद खान और पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित 13 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश सरकार पर चौतरफा हमला बोलते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पुलिसिया उत्पीड़न चरम पर है। अघोषित बिजली कटौती और किसानों की बदहाली ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है।

ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें
महंगाई और बिजली संकट से राहत: डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों को तुरंत वापस लिया जाए। इसके साथ ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगे और बिजली की बढ़ी हुई दरें कम की जाएं। किसानों को ट्रैक्टर और जरीकैन (कैन) में डीजल देने की सुचारु व्यवस्था हो।
युवाओं और छात्रों के हक की आवाज: देश को हिला देने वाले ‘नीट परीक्षा पेपर लीक’ मामले के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो।

किसानों को मिले खाद-बीज और मुआवजा: धान की नर्सरी के मौजूदा सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया, खाद और उत्तम बीज उपलब्ध कराए जाएं और कालाबाजारी पर लगाम लगे। इसके अलावा सोनखर, हाटा, भंवारी व अजमागढ़ बांध और धौरीकुइयां-महदेवा मार्ग निर्माण से प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए।

न्याय और कानून व्यवस्था की मांग: लोटन थाना क्षेत्र के चर्चित संदीप यादव हत्याकांड में न्याय की गुहार लगाने वाले निर्दोष लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और खेसरहा थानाध्यक्ष को तुरंत हटाया जाए। साथ ही दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न पर रोक लगाते हुए आरक्षण का कोटा पूरा करने के लिए खाली पदों पर भर्तियां निकाली जाएं।

सपा नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि इन जनहित की मांगों पर प्रशासन और सरकार ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपने इस आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए मजबूर होगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सपा के गढ़ आजमगढ़ में पैदा होते हैं आतंकी, संदिग्ध की गिरफ्तारी पर ओपी राजभर ने कसा तंज

