सिद्धार्थनगर के कुम्हारों को वर्ष 2026-27 में मिलेंगे 33 मुफ्त इलेक्ट्रॉनिक चाक, जानें कैसे करें आवेदन

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पारंपरिक माटीकला व्यवसाय को नई रफ्तार देने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक शानदार योजना की शुरुआत की गई है। वर्ष 2026-27 के अंतर्गत माटीकला से जुड़े शिल्पकारों को सरकार द्वारा बिल्कुल मुफ्त विद्युत चालित चाक (इलेक्ट्रॉनिक चाक) वितरित किए जाएंगे। इसी कड़ी में सिद्धार्थनगर जनपद को कुल 33 इलेक्ट्रॉनिक चाक वितरण करने का लक्ष्य मिला है।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे ने विशेष बातचीत में बताया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले प्लास्टिक उत्पादों पर प्रतिबंध लगने के बाद बाजार में मिट्टी के बर्तनों, खिलौनों, दीयों और मूर्तियों की मांग काफी तेजी से बढ़ी है। इसी मांग को पूरा करने और शिल्पकारों की आजीविका को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार यह कदम उठा रही है। पारंपरिक चाक की तुलना में इलेक्ट्रॉनिक चाक से काम काफी आसान और तेज हो जाएगा।

योजना की शर्तें और आवेदन की पूरी प्रक्रिया

पात्रता: इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की उम्र 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। योजना के नियम के मुताबिक, एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति इसके लिए आवेदन कर सकता है। जिन शिल्पकारों ने पहले कभी सरकारी योजना के तहत इलेक्ट्रॉनिक चाक का लाभ लिया है, वे इसके पात्र नहीं होंगे।

आवेदन कैसे करें: इच्छुक और योग्य शिल्पकार 15 जून 2026 तक उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmatikalaboard.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हार्ड कॉपी जमा करना जरूरी: ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद उसकी हार्ड कॉपी के साथ सभी जरूरी दस्तावेज संलग्न करके ‘जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, विकास भवन (द्वितीय तल), सिद्धार्थनगर’ में निर्धारित तारीख तक जमा करना अनिवार्य है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Basti News: हफ्तेभर से अंधेरे में ग्रामीण, ऊर्जा मंत्री से लोगों ने पूछा- मंत्री जी, कब बदलेगा ट्रांसफार्मर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.