बरेली में कल से शुरू होगा बड़ा अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, नागरिकों को दिए जाएंगे लाइफ सेविंग टिप्स

Bareilly News: गर्मी के मौसम में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बरेली जनपद में एक बड़ा जागरूकता अभियान शुरू होने जा रहा है। उपनियंत्रक (नागरिक सुरक्षा) ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा 3 से 15 जून 2026 तक एक व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नागरिक सुरक्षा के हर प्रभाग की प्रत्येक वार्डन पोस्ट पर कम से कम एक अवेयरनेस प्रोग्राम आयोजित करना अनिवार्य किया गया है।

इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आग से होने वाले खतरों के प्रति सचेत करना और किसी भी अनहोनी की स्थिति में जन-धन के नुकसान को कम से कम करना है।

आग पर काबू पाना: नागरिकों को सिखाया जाएगा कि आग लगने की शुरुआती घटनाओं को कैसे रोका जाए और घरेलू या व्यावसायिक स्तर पर अग्निशमन उपकरणों का सही उपयोग कैसे किया जाए।

सुरक्षित निकास: किसी इमारत या भीड़भाड़ वाले स्थान पर आग लगने या आपदा की स्थिति में बिना पैनिक हुए सुरक्षित बाहर निकलने के तरीके बताए जाएंगे।

प्राथमिक बचाव व सावधानियां: आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले फर्स्ट-एड (प्राथमिक उपचार), बचाव के उपायों और जरूरी सावधानियों से आम जनता को रूबरू कराया जाएगा।

नागरिक सुरक्षा विभाग की अपील: विभाग ने बरेली के तमाम नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि लोग खुद भी जागरूक बनें और अपने परिवार व आस-पड़ोस के लोगों को भी अग्नि सुरक्षा के नियम सिखाएं, ताकि किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: KGMU में करोड़ों का दवा घोटाला, असाध्य योजना में फर्जी मरीजों के नाम पर ढाई करोड़ की हेराफेरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.