पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की साजिश नाकाम, पुलिस कस्टडी से भाग रहा आरोपी मुठभेड़ में घायल
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में पुलिस ने एक बड़ी सनसनीखेज वारदात को होने से पहले ही रोक दिया है। पूर्व सांसद राजेश वर्मा की हत्या की कथित साजिश रचने वाले एक मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पूर्व सांसद राजेश वर्मा के घर के ठीक बाहर पहुंच चुका था और उनका मर्डर करने के फिराक में था। पुलिस अधिकारियों ने खुलासा किया कि किसी पुरानी जमीनी रंजिश के चलते आरोपी इस खौफनाक वारदात को अंजाम देना चाहता था। वह अपने साथ एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक धारदार चाकू लेकर आया था।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र के रहने वाले शादाब के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तम्बौर इलाके के एक ईंट भट्टे के पास स्थित आम के बाग में उसे घेरा। खुद को घिरता देख शादाब ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर झोंक दिए। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
यह पूरी सफल कार्रवाई सीतापुर के एसपी अंकुर अग्रवाल के कड़े निर्देशों पर, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी (सीओ) लहरपुर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में तम्बौर थाना पुलिस द्वारा अंजाम दी गई है। प्राथमिक जांच में आरोपी शादाब का पहले का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
कस्टडी से भागने की कोशिश के बाद हुआ एनकाउंटर
लहरपुर के सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि एसपी अंकुर अग्रवाल की ओर से गंभीर और जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश हैं। इसी क्रम में पूर्व सांसद की हत्या की साजिश के आरोपी शादाब को हिरासत में लिया गया था। लेकिन शातिर आरोपी बीच रास्ते में पुलिस कस्टडी से चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उसे दोबारा दबोच लिया गया।
Also Read: खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर अंधाधुंध फायरिंग, गार्ड गंभीर रूप से घायल

