केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बरेली में 5 से 21 जून तक चलेगा महा-जनसंपर्क अभियान

Bareilly News: केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आगामी 5 से 21 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित एक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस वृहद अभियान को बरेली जनपद में पूरी भव्यता और जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।

5 से 21 जून तक के कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल

अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित करने के लिए जिलाधिकारी ने तिथि वार निम्नलिखित रूपरेखा तय की है।

तिथि / अवधि मुख्य कार्यक्रम और अभियान का स्वरूप
05 जून विश्व पर्यावरण दिवस: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण। विकास खंडों में जल संवर्धन व स्वच्छता गोष्ठियां।
08 से 14 जून तहसीलवार जनसंपर्क: दलित और पिछड़ी बस्तियों/ग्रामों में विशेष जनसंपर्क, मौके पर ही जनसुनवाई और योजनाओं का लाभ देना।
11 से 14 जून मीडिया संवाद कार्यक्रम: प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायकों द्वारा प्रेस वार्ता कर डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को साझा करना।
14 से 16 जून जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला: सभी विकास खंडों और नगरीय निकायों में स्टॉल लगाकर पात्रों से योजनाओं के फॉर्म भरवाना।
16 से 17 जून विकसित भारत संकल्प सम्मेलन: जिला स्तर पर प्रबुद्धजनों, विषय विशेषज्ञों का व्याख्यान और लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करना।
18 एवं 19 जून विशेष विकास प्रदर्शनी: केंद्र व राज्य सरकार की 12 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों का आकर्षक और डिजिटल प्रदर्शन।
21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: जनपद, विकास खंड और नगरीय निकाय स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का वृहद आयोजन।

एक पेड़ मां के नाम और गांवों में रात्रि चौपाल पर विशेष जोर

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि 5 जून को सिर्फ पेड़ लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि रोपे गए पौधों को पानी देने और उनकी सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि गौशालाओं के आसपास ट्री-गार्ड लगाकर पौधारोपण किया जाए।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बरेली में 5 से 21 जून तक चलेगा महा-जनसंपर्क अभियान

गांवों में रुकेंगे जनप्रतिनिधि और अफसर

इस पूरे अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस चौपाल में न केवल शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा होगी, बल्कि मौके पर ही ग्रामीणों की शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि चौपाल के समापन के बाद माननीय मंत्रीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उसी गांव में रात्रिकालीन विश्राम करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर स्थानीय समस्याओं को समझकर उनका त्वरित समाधान किया जा सके।

इसके अतिरिक्त युवाओं और छात्रों को जोड़ने के लिए ऑन द स्पॉट चित्रकला प्रतियोगिताएं, किसानों को जोड़ने के लिए प्राकृतिक खेती पर विशेष गोष्ठियां और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। सभी विभाग अपनी उपलब्धियों का पूरा डेटा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को जल्द से जल्द उपलब्ध कराएंगे।

इस महा-अभियान की कमान संभालने के लिए बैठक में प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद दिखा। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम बहेड़ी ईशिता किशोर सहित नवाबगंज, आंवला, मीरगंज और फरीदपुर के उप जिलाधिकारी व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: जंगल के मकान में चल रहा था गंदा खेल, सरगना गुड्डू पंडित महिला साथी के साथ गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.