Bareilly News: जंगल के मकान में चल रहा था गंदा खेल, सरगना गुड्डू पंडित महिला साथी के साथ गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में अनैतिक गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी करते हुए जंगल में चल रहे एक बड़े देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। मौके से पुलिस ने रैकेट के मुख्य सरगना और एक महिला आरोपी को आपत्तिजनक अवस्था में रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कौशल शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित (उम्र 35 वर्ष) और निशा (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 3 जून को नवाबगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम बिजौरिया रेलवे क्रॉसिंग से आगे कुण्डरा कोठी मार्ग पर, शिव मंदिर के पास बने धर्मकांटे के पीछे जंगल में एक शख्स अपने मकान में कुछ महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का अड्डा चला रहा है।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जब बताए गए स्थान पर दबिश दी, तो मकान के भीतर से कौशल शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित और प्रेमनगर की रहने वाली निशा को रंगे हाथों दबोच लिया गया। जामा तलाशी में पुलिस को मौके से 1 मोबाइल फोन, 1900 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने उगला राज
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में मुख्य आरोपी कौशल शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया, यह मकान मेरा ही है। मैं यहां बाहर से महिलाओं को बुलाकर खुद भी संबंध बनाता हूं और मोटी कमाई के लिए ग्राहकों को भी बुलाता था। सड़क से गुजरने वाले ग्राहकों को इशारे से बुलाकर कमरे दिए जाते थे। आज भी मैंने निशा को 500 रुपये तय करके बुलाया था और ग्राहकों से मैं ज्यादा पैसे वसूलता था। हम यह सब अपने ऐशो-आराम और शौक पूरे करने के लिए कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी कौशल शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ पहले भी थाना नवाबगंज में आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार रखने) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 566/2025 दर्ज है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Kanpur News: महिला बैंककर्मी से ई-रिक्शा में छेड़छाड़, वीडियो शेयर कर बयां किया दर्द

