Bareilly News: आंवला पुलिस परामर्श केंद्र के प्रयास से आपसी विवाद भूल एक हुए 5 परिवार
Bareilly News: बरेली के आंवला कोतवाली परिसर स्थित पारिवारिक परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र में बुधवार को बिखराव की कगार पर खड़े पांच परिवारों को टूटने से बचा लिया गया। केंद्र के विद्वान सलाहकारों की सूझबूझ और काउंसलिंग के बाद पांचों जोड़ों ने अपने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर फिर से साथ रहने का फैसला किया।
सफलतापूर्वक सुलझाए गए मामलों में आंवला क्षेत्र की प्रीति प्रभाकर व अर्जुन प्रभाकर, बिशारतगंज क्षेत्र से प्रीति चौहान व उनके परिजन तथा शमा व बाबू अली, और भमोरा क्षेत्र से अंजली व जितेन्द्र कुमार सहित प्रीति व रूप किशोर का वैवाहिक विवाद शामिल था। कानूनी पचड़ों में पड़ने के बजाय इन परिवारों ने आपसी सहमति से घर बसाने का रास्ता चुना।
केंद्र के अध्यक्ष जय गोविन्द सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) व नोडल अधिकारी अंशिका वर्मा के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नितिन सारंग के पर्यवेक्षण और कोतवाल बीनू चौधरी के समन्वय से यह केंद्र लगातार मिसाल पेश कर रहा है। मात्र 1 वर्ष और 3 महीने के कार्यकाल में इस केंद्र ने कुल 141 परिवारों को उजड़ने से बचाया है और उन्हें लंबी अदालती मुकदमेबाजी से मुक्ति दिलाई है।
इस मुहिम को सफल बनाने में अधिवक्ता रमाकांत तिवारी, योगेश माहेश्वरी, राम दीन सागर, सीमा रजा, रजिया सुल्तान, शोखी अग्रवाल, शोभना अग्रवाल, महिला उप निरीक्षक अंजू कुमारी और मुख्य आरक्षी किरण मणि व शीतल देवी की टीम का विशेष योगदान रहा है।

भोजीपुरा कोतवाली में अनुभव साझा करने का मिला न्योता
आंवला केंद्र की इस बेहतरीन कार्यकुशलता और लगातार मिल रही सफलताओं को देखते हुए अब इसे रोल मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी शुक्रवार (5 जून) को भोजीपुरा कोतवाली में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया है। वहां के स्थानीय केंद्र स्तर पर अनुभवों को साझा करने के लिए आंवला टीम के सभी सम्मानित सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, ताकि अन्य क्षेत्रों में भी इस मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
Also Read: टी20 से टेस्ट तक फुल एक्शन! भारत-न्यूजीलैंड सीरीज में 40 दिन का मैराथन शेड्यूल

