बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर, बगावत के बीच 58 विधायकों के साथ TMC के ऋतब्रत बनर्जी बने नेता प्रतिपक्ष

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के सियासी गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है, जहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) आधिकारिक रूप से दोफाड़ हो गई है। विधानसभा चुनाव में मिली शिकस्त के ठीक एक महीने बाद पार्टी के 80 में से 58 विधायकों ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने इस बागी गुट के नेता और निष्कासित टीएमसी नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही विधानसभा परिसर में विपक्ष के लिए आवंटित मुख्य कक्ष की चाबियां भी नए नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी को सौंप दी गई हैं।

अभिषेक बनर्जी की लीडरशिप पर उठाए सवाल

विपक्ष के नेता का कमरा मिलने के बाद ऋतब्रत बनर्जी ने एक बड़ा बयान देकर सबको चौंका दिया। उन्होंने कहा कि उनका गुट चाहता है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस नए विपक्षी मोर्चे की मुख्य सलाहकार और मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं ताकि विधानसभा में पार्टी का प्रभावी संचालन हो सके। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी की इस दुर्गति के लिए सीधे तौर पर अभिषेक बनर्जी की सांगठनिक विफलता को जिम्मेदार ठहराया। ऋतब्रत ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर कोई नेतृत्व सफलता का सेहरा अपने सिर बांधता है, तो उसे हार की जिम्मेदारी लेने से भी पीछे नहीं हटना चाहिए।

58 विधायकों का शक्ति प्रदर्शन और नई विधायी टीम का गठन

बुधवार सुबह विधानसभा परिसर में भारी राजनीतिक गहमागहमी देखी गई, जब बागी खेमे के सभी 58 विधायक एक-एक कर वहां पहुंचने लगे। एक आपात बैठक के बाद इन सभी विधायकों के हस्ताक्षर वाला एक प्रस्ताव स्पीकर के सामने पेश किया गया, जिसमें खुद को ‘असली तृणमूल कांग्रेस’ बताया गया है।

इस नए मोर्चे के तहत हावड़ा की उलुबेरिया (पूर्व) सीट से विधायक ऋतब्रत बनर्जी को विधायी दल का मुखिया चुना गया है, जबकि एंटाली से संदीपान साहा, केशपुर से शिउली साहा और कस्बा विधानसभा सीट से जावेद अहमद खान को विपक्ष का उप-नेता मनोनीत किया गया है। यह पूरा घटनाक्रम अभिषेक बनर्जी के उस पिछले फैसले को सीधी चुनौती है, जिसमें उन्होंने शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष और फिरहाद हकीम को मुख्य सचेतक बनाने का प्रस्ताव दिया था।

Also Read: Bareilly News: आंवला पुलिस परामर्श केंद्र के प्रयास से आपसी विवाद भूल एक हुए 5 परिवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.