ईरान की इजरायल को दो टूक चेतावनी, बेरूत पर हमला हुआ तो भुगतना होगा

Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने इजरायल को कड़े शब्दों में आगाह किया है कि अगर उसने लेबनान की राजधानी बेरूत को निशाना बनाया, तो ईरान चुप नहीं बैठेगा और इसका सीधा सैन्य जवाब दिया जाएगा। लेबनानी टीवी चैनल अल मयादीन को दिए इंटरव्यू में अराघची ने साफ किया कि तेहरान ने सभी संबंधित पक्षों को संदेश भेज दिया है कि बेरूत पर किसी भी प्रकार की बमबारी दोबारा पूर्ण युद्ध शुरू होने की वजह बनेगी, जिसके लिए ईरानी सेना पूरी तरह तैयार है। उन्होंने इजरायल पर हाल ही में ईरान और लेबनान दोनों मोर्चों पर सीजफायर के उल्लंघन का आरोप भी मढ़ा।

अमेरिका के साथ बैक-चैनल डिप्लोमेसी जारी

क्षेत्रीय तनाव के बीच तेहरान और वॉशिंगटन के बीच पर्दे के पीछे से बातचीत का दौर भी चल रहा है। ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक, पाकिस्तान की मध्यस्थता के जरिए दोनों देश शांति की शर्तों और एक समझौता ज्ञापन के मसौदे की समीक्षा कर रहे हैं, हालांकि अभी तक कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। वार्ता में उतार-चढ़ाव की खबरों के बीच, जहां ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने संदेशों के आदान-प्रदान रुकने का दावा किया था, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चंद घंटों बाद ही इसका खंडन करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है। अराघची ने दोहराया कि ईरान गरिमापूर्ण शांति का पक्षधर है, लेकिन वह लंबी जंग लड़ने की पूरी क्षमता रखता है।

इस बीच डिप्लोमेसी के साथ-साथ जमीनी मोर्चे पर भी टकराव शुरू हो चुका है। ईरान की ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) ने बुधवार को दावा किया कि उसने कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमले किए हैं। ईरान का कहना है कि यह हमला अमेरिका की उस कार्रवाई का करारा जवाब है, जिसमें अमेरिकी सेना ने रात के अंधेरे में ईरान के दक्षिणी केश्म द्वीप पर स्थित आईआरजीसी के एक कम्युनिकेशन टावर को नष्ट कर दिया था।

Also Read: RCB के चैम्पियन कप्तान रजत पाटीदार का MPPL में फीका आगाज, जीत के नायक बने माधव तिवारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.