पटना कोचिंग वॉर में नया मोड़, खान सर के बॉडीगार्ड पर ही लगा फायरिंग का आरोप, सामने आया वीडियो

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान (खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट) पर हुए हमले और हंगामे के मामले में एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पहले दावा किया था कि उपद्रव के दौरान कोई गोलीबारी नहीं हुई है, लेकिन गुरुवार को सामने आए एक नए वीडियो ने पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो में दो युवक हवा में ताबड़तोड़ गोलियां चलाते दिख रहे हैं। शहर के सियासी और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि हवाई फायरिंग करने वालों में से एक शख्स कोई और नहीं, बल्कि खुद खान सर का निजी सुरक्षाकर्मी है।

बैकफुट पर आई पुलिस दोबारा जांच में जुटी

यह नया वीडियो खान सर की प्रतिद्वंद्वी कोचिंग ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ की तरफ से सार्वजनिक किया गया है। वीडियो में दो लोग साफ तौर पर तीन राउंड हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। घटनास्थल पर जमीन पर गिरा हुआ वही बोर्ड भी दिखाई दे रहा है, जिसे 2 जून (मंगलवार) की रात उपद्रवियों ने तोड़ा था, जिससे यह साफ होता है कि वीडियो उसी रात का है।

गौरतलब है कि घटना के तुरंत बाद खान सर ने हमलावरों द्वारा गोलीबारी करने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कोई सबूत नहीं मिलने के बाद वे अपने बयान से पलट गए थे। अब इस नए सबूत के सामने आने के बाद पटना पुलिस मामले की नए सिरे से गहन जांच कर रही है।

ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद पहुंचे बेऊर जेल

पुलिसिया जांच में यह बात साफ हो चुकी है कि यह पूरा फसाद पटना के दो बड़े कोचिंग दिग्गजों के बीच आपसी रंजिश और व्यापारिक प्रतिस्पर्धा का नतीजा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के निदेशक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों (अभिषेक व गौरव) को गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेज दिया है। इस हिंसक झड़प में खान सर के कोचिंग के एक गार्ड का सिर फट गया था, जिसका इलाज चल रहा है।

दूसरी ओर, जेल जाने से पहले रौशन आनंद ने खुद को बेकसूर बताते हुए खान सर पर गंभीर आरोप लगाए। आनंद का दावा है कि हालिया बिहार पुलिस परीक्षा में उनकी कोचिंग के छात्रों के शानदार रिजल्ट से घबराकर खान सर ने उन्हें झूठे केस में फंसाया है। उन्होंने यह भी बताया कि वे गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ है।

Also Read: यूपी के 18 शहरों में दौड़ेंगी 1725 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें, कमर्शियल वाहनों को टैक्स में भारी राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.