Bareilly News: स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ट्रक ड्राइवरों को करते थे सप्लाई

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की हाफिजगंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान तीन शातिर ड्रग तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से कुल 34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश करने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

हाफिजगंज थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस की एक विशेष टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गश्त और संदिग्धों की जांच कर रही था। इसी बीच सूचना के आधार पर पुलिस ने सेंथल स्थित जीटीआई कॉलेज के पास कासिम नाम के व्यक्ति के एक बंद कमरे के समीप दबिश दी, जहाँ तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया। जब उनकी जामातलाशी ली गई, तो अभियुक्त जावेद के पास से 13 ग्राम, आकिब हसन के पास से 10 ग्राम और नदीम सरवर के पास से 11 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे सभी आपस में गहरे दोस्त हैं और लंबे समय से नशे के आदी हैं। अपनी इस महंगी लत को पूरा करने और खर्च निकालने के लिए उन्होंने तस्करी का रास्ता चुना। वे पीलीभीत की तरफ से आने-जाने वाले ट्रक चालकों से बेहद कम दाम में स्मैक खरीद लेते थे। इस खेप का कुछ हिस्सा वे स्वयं उपभोग करते थे और बचे हुए हिस्से को हाईवे के विभिन्न होटलों, ढाबों और मार्गों पर अन्य ट्रक ड्राइवरों तथा स्थानीय नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेच दिया करते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से 23 वर्षीय नदीम सरवर एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हाफिजगंज और नवाबगंज थानों में पहले से ही पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल चार संगीन मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, सब-इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार और कांस्टेबल सौरव सिंह, अंकित कुमार व शिवम खोखर शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: यूपी को जल्द मिलेंगे 2 नए एक्सप्रेसवे, इन 8 जिलों को सीधे होगा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.